जिम्बाब्वे ने तीसरे टी20 में भारत को दिया 153 रनों का टारगेट, सिकंदर रजा ने बनाया खास रिकॉर्ड

हरारे, 13 जुलाई (आईएएनएस): जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए हैं। भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। ये सीरीज का चौथा मुकाबला है और टीम इंडिया फिलहाल 2-1 से आगे चल रही है।

इस मैच में जिम्बाब्वे के ओपनरों ने टीम को अच्छी शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। वेसली मधेवेरे ने 24 गेंदों पर 25 और तदिवानाशे मरुमनी ने 31 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली। इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा ने 28 गेंदों पर 46 रनों की शानदार पारी खेली। रजा ने इस दौरान 3 छक्के और 2 चौके लगाए।

इस पारी के साथ रजा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2000 रन और 50 विकेट लेने की शानदार उपलब्धि दर्ज की है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ पांच ही खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया है। यानी उन्होंने 2000 से ज्यादा रन बनाए हैं, और साथ ही 50 से ज्यादा विकेट भी लिए हैं। सिकंदर रजा ऐसा करने वाले 5वें खिलाड़ी बन गए हैं।

सिकंदर रजा अब तक 2001 रन बनाने के अलावा 65 विकेट भी ले चुके हैं। इस मामले में बांग्लादेश के धुरंधर ऑलराउंडर शाकिब अल हसन टॉप पर हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2551 रन बनाने के अलावा 149 विकेट भी लिए हैं। अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी 2165 रन और 96 विकेट के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं।

इस खास लिस्ट में एक दिलचस्प नाम वीरेंद्र सिंह का है जो मलेशिया से खेलते हैं। उनके नाम 2320 रन और 66 विकेट हैं। वीरेंद्र सिंह इस लिस्ट में कम जाने पहचाने नाम जरूर हैं, लेकिन उन्होंने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित किया है। पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज 2514 रन और 61 विकेट के साथ इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं।

भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो खलील अहमद ने चार ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए हैं। तुषार देशपांडे, वाशिंगटन सुंदर, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे को 1-1 विकेट मिला है। सीरीज में काफी सफल गेंदबाज रहे रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में केवल 22 रन दिए लेकिन उनको विकेट नहीं मिला।

–आईएएनएस

एएस/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More