पेरिस में भारतीय हॉकी टीम का जलवा, सोनीपत में अभिषेक और सुमित के घर जश्न का माहौल

सोनीपत, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। भारतीय टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। सोनीपत के अभिषेक नैन और सुमित ने भी भारतीय टीम की जीत में अपना योगदान दिया।

भारतीय हॉकी टीम के कांस्य पदक जीतने के बाद अभिषेक और सुमित के परिवार में जश्न का माहौल है। उनके परिजनों ने कहा कि, “हमें अपने बेटों पर गर्व है। उन्होंने अच्छा खेल दिखाया और इस पदक से देश की हॉकी को एक बार फिर संजीवनी मिली है। अभिषेक और सुमित के घर आने पर उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।”

सोनीपत के लोगों ने दोनों खिलाड़ियों की जीत का जश्न मनाया और उन्हें बधाई दी। मालूम हो कि, भारतीय हॉकी टीम ने गुरुवार को पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक मैच में स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यह लगातार दूसरा ओलंपिक मेडल जीता है। इससे पहले भारतीय हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में जर्मनी को मात देकर कांस्य पदक जीता था। यह ओलंपिक में भारतीय हॉकी के लिए 13वां मेडल है। इस मैच में भारत की जीत के स्टार एक बार फिर कप्तान हरमनप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने भारत के दोनों गोल किए।

भारतीय हॉकी टीम की इस जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने भारतीय टीम को बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “एक उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेगी! भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता, यह इसलिए भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है।”

उन्होंने आगे लिखा, “उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत धैर्य और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी लोकप्रिय बनाएगी।”

–आईएएनएस

पीएसके/एएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More