भारत-जापान के बीच क्रिकेट में नया अध्याय, पहली बार होगा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला

भारत-जापान के बीच पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय भिड़ंत

सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा ऐतिहासिक मुकाबला

टोक्यो : भारत और जापान मंगलवार, 22 सितंबर को सुजुकी कप में पहली बार पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने होंगे। तोचिगी प्रांत के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाला यह ऐतिहासिक मुकाबला भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ समारोह की शुरुआत का भी हिस्सा होगा। यह दोनों देशों के बीच पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का पहला मुकाबला है।

मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड पर उपलब्ध होगी।

टी-20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम एशियाई खेलों से पहले जापान में मैदान पर उतरेगी। यह मुकाबला जापान के खिलाड़ियों के लिए भारत जैसी मजबूत टीम के साथ खेलने का बड़ा अवसर होगा। वहीं भारतीय टीम भी जापान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों से पहले अपनी तैयारियों को परखने की कोशिश करेगी।

भारत की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह और ईशान किशन सहित कई प्रमुख खिलाड़ी मैदान पर नजर आएंगे। जापान के खिलाड़ियों के सामने भारतीय टीम की मजबूत चुनौती होगी।

सुजुकी कप केवल क्रिकेट मुकाबले तक सीमित नहीं है। यह जापान में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और भारत-जापान के बीच खेलों के माध्यम से मजबूत होते संबंधों को भी रेखांकित करेगा। यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला कदम है, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच लोगों के आदान-प्रदान और खेल सहयोग को बढ़ावा देना है।

भारत और जापान के बीच पहली बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला, मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय टीम की मौजूदगी और दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ समारोह इसे विशेष अवसर बना रहे हैं। दोनों टीमें इसके बाद एशियाई खेल-2026 में भी हिस्सा लेंगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More