सांसद खेल महाकुंभ 3.0 का भव्य शुभारंभ, 75,000 खिलाड़ी लेंगे भाग: अनुराग ठाकुर

बिलासपुर, 5 मार्च (आईएएनएस) केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने एक बार फिर हमीरपुर में युवा खेल प्रतिभाओं को शानदार मंच प्रदान करते हुए मंगलवार को बिलासपुर स्थित लूहणू क्रिकेट ग्राउंड में सांसद खेल महाकुंभ 3.0 का भव्य शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ उपस्थित रहे। इसके अलावा लखविंदर सिंह वडाली, कुलदीप शर्मा “नाटी किंग” , “पाइंस ऑफ़ हार्मेनी” हिमाचल पुलिस बैंड और अपारशक्ति खुराना ने भी शुभारंभ समारोह की शोभा बढ़ाई।

सांसद खेल महाकुंभ शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर का लुहणु मैदान शानदार आतिशबाज़ी से नहा गया।

खेल महाकुंभ का भव्य आगाज करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि खेलोगे तभी खिलोगे और इसीलिए सांसद खेल महाकुंभ आयोजन मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान कर रहा है बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमकने का भी अवसर दे रहा है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेलने, खिलने और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सांसद खेल महाकुंभ सबसे बड़ा मंच बना है। सांसद खेल महाकुंभ के पहले संस्करण में 40,000 और दूसरे संस्करण में 45,000 लोग शामिल हुए थे। इस बार हमने 75,000 खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। आयोजन का भाग बनने वाले सभी खिलाड़ियों को मैं अपनी शुभकामनाएँ देता हूँ।”

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में हो रहे इस भव्य आयोजन को देखकर रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ काफी खुश दिखे और खेल महाकुंभ का उद्घाटन करने के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन भी किया।

खेल महाकुंभ के बारे में बोलते हुए राहुल द्रविड़ ने कहा “ खेल महाकुंभ खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की अनुराग ठाकुर की एक अच्छी पहल है। जितना मैंने इस कार्यक्रम को देखा समझा तो ज़मीनी स्तर पर खिलाड़ियों को मंच देने, उनके अंदर प्रतिस्पर्धा बढ़ाने व उनकी प्रतिभा को निखारने का यह एक अनूठा मॉडल है जिसकी जितनी सराहना की जाए कम है। ऐसे ही आयोजनों से देश को भविष्य के खिलाड़ी मिलते हैं जो अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का झंडा बुलंद करते हैं। अनुराग ठाकुर और इस आयोजन में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को मैं अपनी शुभकामनाएँ देता हूँ। ”

रोहित शर्मा ने अनुराग ठाकुर द्वारा आयोजित इस वृहद खेल कार्यक्रम को युवाओं के लिए बेहद सार्थक पहल बताया।

अनुराग ठाकुर ने इस बार के आयोजन में शामिल की गई खेल विधाओं और अन्य जरूरी जानकारी देते हुए कहा, “इस बार खेल महाकुंभ में वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स को शामिल किया गया है। गांव/पंचायत स्तर की टीमों को सभी खेल विधाओं में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। लिंग समानता को बढ़ावा देने के लिए लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाई जाएंगी।”

–आईएएनएस

आरआर/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More