राउंडग्लास स्पोर्ट्स ने भारत के नंबर 1 गोल्फर शुभंकर शर्मा को बनाया ब्रांड एंबेसडर

मोहाली, 26 मार्च (आईएएनएस) एक और ऐतिहासिक पहल के रूप में, राउंडग्लास स्पोर्ट्स ने आज भारत के नंबर एक गोल्फर शुभंकर शर्मा को ब्रांड एंबेसडर के रूप में अनुबंधित करने की घोषणा की है। एक दीर्घकालिक समझौते पर हस्ताक्षर किये गए हैं जिसके दौरान राउंडग्लास स्पोर्ट्स चंडीगढ़ के इस 27 वर्षीय गोल्फर का प्राथमिक प्रायोजक होगा।

शुभंकर डीपी वर्ल्ड टूर (पूर्व यूरोपीय टूर) पर दो बार विजेता रहे हैं और अब तक उन्होंने 8 करियर ख़िताब हासिल किये हैं।

वह विलक्षण प्रतिभा के धनी हैं, जो 2013 में 16 साल की उम्र में पेशेवर बन गए। वह वर्तमान में विश्व स्तर पर पुरुषों के पेशेवर गोल्फ में सर्वोच्च रैंक वाले भारतीय (आधिकारिक विश्व गोल्फ रैंकिंग में #188) हैं और 2018 में एशिया में नंबर 1 खिलाड़ी थे। शुभंकर को 2018 से यूरोपीय और एशियाई टूर पर एक स्टेटस प्राप्त है। वह पीजीए टूर पर भी नियमित रूप से शामिल होते हैं।

शुभंकर ने सभी गोल्फ मेजर्स में कई बार प्रदर्शन किया है और उन्होंने दुनिया की सबसे पुरानी गोल्फ चैंपियनशिप ‘द ओपन’ में किसी भारतीय द्वारा अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। पिछले साल लिवरपूल में 151वें ओपन में वह संयुक्त आठवें स्थान पर रहे थे। इसके अलावा, शुभंकर ने दो यूरोपीय टूर खिताब जॉबर्ग ओपन और मेबैंक चैंपियनशिप जीते हैं। उनके छह अन्य खिताब भारत के शीर्ष प्रो टूर, प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) में रहे हैं।

राउंडग्लास स्पोर्ट्स के साथ जुड़ाव के बारे में शुभंकर ने कहा, “मैं राउंडग्लास स्पोर्ट्स के साथ जुड़कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह एक ऐसा ब्रांड है जिसका भारत में खेलों को विकसित करने का स्पष्ट दृष्टिकोण है। यह फुटबॉल, हॉकी, टेनिस और गोल्फ जैसे खेलों का समर्थन करता है और देश में विश्व स्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास कर रहा है।”

शुभंकर 2018 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हुए थे। उन्हें 2018 में ‘सर हेनरी कॉटन रूकी ऑफ द ईयर’ से भी सम्मानित किया गया था और वह उसी वर्ष ‘एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट’ के विजेता भी हैं।

–आईएएनएस

आरआर/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More