भारत-पाक मैच को लेकर युवाओं में उत्साह, बोले- विराट के आगे पाकिस्तानी करेंगे सरेंडर

जौनपुर, 9 जून (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2024 में भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर होनी है। टीम इंडिया को चीयर-अप करने के लिए युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।

भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार यानी आज शाम आठ बजे से टी-20 विश्व कप 2024 का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच का पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस को इंतजार रहता है। जबरदस्त प्रतिस्पर्धा को देखते हुए क्रिकेट फैंस के बीच भरपूर उत्साह है।

टी20 विश्व कप 2024 में रविवार को भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी। आतंकी धमकी को देखते हुए इस महामुकाबले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, यहां की ड्रॉप-इन पिचों को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। मगर इन तमाम चुनौतियों के बावजूद फैंस और क्रिकेटरों में इस मुकाबले को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ है।

इस मुकाबले को लेकर यूपी के जौनपुर के युवाओं में भी काफी जोश है। उनका मानना है कि भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज करेगी।

एक स्थानीय फैन विनोद ने कहा, “पाकिस्तान इस मुकाबले में बुरी तरह हारेगा। विराट सबसे सफल बल्लेबाज रहेंगे। और अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है तो स्कोर 250 से ज्यादा जाएगा।”

एक अन्य स्थानीय फैन कुशल ने कहा, “पाकिस्तान के खिलाफ रोहित और विराट शतक जड़ेंगे। भारत का जीतना तय है। टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करेगी और मैच बेहद रोमांचक होगा।”

टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मुकाबले में जब भारत और पाकिस्तान की टक्कर होगी तो न्यूयॉर्क को अहसास होगा कि भारत-पाकिस्तान मैच का रोमांच क्या होता है।

टीम इंडिया आयरलैंड को हराने के बाद आत्मविश्वास से भरपूर है। दूसरी तरफ सह-मेजबान और विश्व कप में डेब्यू कर रहे संयुक्त राज्य अमेरिका से चौंकाने वाली हार झेलने वाली पाकिस्तान की टीम है जो इस मैच को जीतकर प्रतियोगिता में वापसी की उम्मीद कर रही है।

न्यूयॉर्क की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही है। ऐसे में अगर शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ और मोहम्मद आमिर पाकिस्तान के लिए गेंद के साथ कमाल दिखाते हैं तो कोई आश्चर्य नहीं होगा। वहीं, पहला मैच जीतकर भारतीय टीम भी शानदार फॉर्म में है। कुल मिलाकर यह कहना गलत नहीं होगा कि यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।

–आईएएनएस

एएमजे/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More