जनता की उम्मीदों पर खरे उतरे पीएम मोदी, इसीलिए एक बार फिर संभालने जा रहे देश की बागडोर : शेरगिल

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव की प्रारंभिक मतगणना रुझानों में एनडीए को बढ़त मिलने पर भारतीय जनता पार्टी के खेमें में खुशी जताई जा रही है और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का विश्वास बताया जा रहा है।

भाजपा प्रवक्ता जयवीर शेेेेेरगिल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृृृत्व में लगातार तीसरी बार केंद्र में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। इसका श्रेेय पीएम मोदी को जाता है। जनता ने उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है।

शेरगिल ने कहा कि पीएम मोदी की गरीबोन्मुख योजनाओं का असर चुनाव परिणाम पर दिखाई दे रहा है। सरकार की तमाम लोककल्याणकारी योजनाओं के चलते जनता का जीवन स्तर सुधरा है। करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। यही कारण है कि जनता ने एक बार फिर पीएम मोदी पर विश्वास जताया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जनता के आशीर्वाद के कारण पीएम मोदी लगातार तीसरी बार देश की बागडोर संभालने जा रहे हैं। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। अब तक देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के अलावा यह उपलब्धि कोई हासिल नहीं कर सका है। अब इसे पीएम मोदी दोहराने जा रहे हैं। यह उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है। उन्होंने अपने कार्यों से देश की 140 करोड़ जनता के दिलों में जगह बनाया है। इसीलिए जनता उन्हें एक बार फिर देश की सेवा का मौका देनेे जा रही है।

जयवीर शेरगिल ने कहा कि जनता ने एक बार फिर विपक्ष को नकार दिया है। विपक्षी दलों ने दुष्प्रचार कर पीएम मोदी को बदनाम करने का प्रयास किया, लेकिन जनता ने मोदी पर विश्वास जताकर विपक्षी दलों को जोरदार तमाचा मारा है। इससे उन्हें सबक लेने की आवश्यकता है। विपक्ष की नकारात्मक राजनीति न तो उनके हित में है और न ही देश के हित में है। इसलिए विपक्ष के नेताओं को आत्मचिंतन करना चाहिए। ऐसा न करने पर वे जनता का विश्वास खोते जाएंगे।

शेरगिल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए एक बार फिर परचम लहराने जा रहा है और देश विकास के पथ पर और तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने एनडीए व भाजपा के प्रति विश्वास जताने के लिए पार्टी की ओर से जनता का धन्यवाद किया और कहा कि नई सरकार उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेगी।

–आईएएनएस

सीबीटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More