त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच चार जून की सुबह आठ बजे से होगी मतगणना

लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच चार जून की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने रविवार को मतगणना की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2024 एवं 4 विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव की मतगणना 4 जून को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी। मतगणना प्रदेश के सभी 75 जनपदों के 81 केंद्रों पर होगी।

रिणवा ने बताया कि मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। मतगणना स्थल की सुरक्षा त्रिस्तरीय होगी। इसके लिए क्षेत्रीय पुलिस बल, राज्य पुलिस बल और सीएपीएफ की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2024 में प्रदेश में कुल 851 प्रत्याशी (771 पुरुष एवं 80 महिला) चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक 28 प्रत्याशी घोसी लोक सभा क्षेत्र में तथा सबसे कम 4 प्रत्याशी कैसरगंज लोक सभा क्षेत्र में हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगरा, मेरठ, आजमगढ, देवरिया, सीतापुर, कुशीनगर जनपदों में मतगणना 2-2 केंद्रों पर होगी। वहीं, 8 लोकसभा क्षेत्रों की मतगणना 3 जनपदों में, 37 लोक सभा क्षेत्रों की मतगणना 2 जनपदों में तथा 35 लोक सभा क्षेत्रों की मतगणना 1 जनपद में होगी। पोस्टल बैलेट की मतगणना आरओ मुख्यालय जनपद के मतगणना स्थल में होगी। मतगणना विधान सभा क्षेत्रवार होगी। इसके बाद लोक सभा क्षेत्र में शामिल विधानसभा क्षेत्रों के परिणाम का योग कर लोक सभा क्षेत्र का परिणाम घोषित किया जाएगा।

गाजियाबाद लोक सभा क्षेत्र में शामिल साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थल (1127) अधिक होने के कारण सबसे अधिक 41 राउंड में मतगणना संपन्न होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना हेतु 179 प्रेक्षक तैनात किए गए हैं। 15 प्रेक्षकों को 1-1 विधानसभा क्षेत्र, 104 प्रेक्षकों को 2-2 विधानसभा क्षेत्र तथा 60 को 3-3 विधानसभा क्षेत्र आवंटित किए गए हैं। 80 लोकसभा क्षेत्रों की मतगणना 80 रिटर्निंग ऑफिसर तथा 1581 सहायक रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा संपन्न कराई जाएगी।

वहीं ददरौल, लखनऊ पूर्व, गैंसड़ी तथा दुद्धी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 4 रिटर्निग ऑफिसर तथा 26 सहायक रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा संपन्न कराई जाएगी। समस्त मतगणना एवं सीलिंग की कार्यवाही सीसीटीवी की निगरानी में होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना एजेंट नियुक्त करने के लिए अभ्यर्थियों द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को एजेंट बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि सभी लोक सभा क्षेत्रों में पोस्टल बैलेट की गणना के लिए अतिरिक्त कक्ष का अनुमोदन भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदान किया गया है। पोस्टल बैलेट की गणना के लिए होम वोटिंग एवं वोटर फैसिलिटेशन सेंटर पर प्राप्त पोस्टल बैलेट मतों की गणना प्रातः 8 बजे प्रारंभ होगी तथा सर्विस वोटर से प्राप्त ईटीपीबीएस की स्कैनिंग भी प्रातः 8 बजे से प्रारंभ की जाएगी।

— आईएएनएस

विकेटी/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More