एक्शन में सीएम भगवंत मान, तहसील पहुंच कर की नागरिक केंद्रित सेवाओं की समीक्षा

पटियाला, 5 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को स्थानीय तहसील परिसर का अचानक दौरा कर नागरिक केंद्रित सेवाओं की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने तहसीलदार के कार्यालय का दौरा किया और वहां चल रही रजिस्ट्री की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों से भी बातचीत की। आम लोगों ने मुख्यमंत्री और उनकी सरकार की नागरिक सेवाओं की सराहना की।

भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार की कार्यकुशलता के लिए जनता की प्रतिक्रियाओं का बहुत महत्व है और इसे हर तरह से आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा “सरकार आपके द्वार’ योजना राज्य सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है, इसका उद्देश्य घर-घर सेवाएं पहुंचाना है। इसी अभियान के तहत उन्होंने परिसर के सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया और जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लिया। लोगों ने उन्हें कार्यालयों के कामकाज के बारे में बताया। अब अधिकांश अधिकारी कार्य समय के दौरान अपने कार्यालयों में मौजूद रहते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य अधिकारियों में किसी किस्म की कोई कमी निकालना नहीं है, बल्कि इसका मकसद सरकारी कार्यालयों में कामकाज को और सुचारू बनाना है।

उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने पहली बार देखा है कि राज्य का कोई मुख्यमंत्री सरकारी कार्यालयों का दौरा कर रहा है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल राज्य के लोगों को समय पर सभी प्रकार की नागरिक केंद्रित सेवाएं सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सरकारी अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और तत्परता से निभाएं, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को निर्बाध सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो तकनीक आधारित इस आधुनिक युग में समय की मांग है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे किसी भी समय किसी भी सरकारी कार्यालय, स्कूल या अस्पताल का दौरा कर सकते हैं और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

–आईएएनएस

एसएचके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More