भाजपा सदस्यता अभियान : अब तक सवा करोड़ से ज्यादा लोग बन चुके हैं पार्टी के सदस्य : जेपी नड्डा

पटना/नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा का राष्ट्रीय सदस्यता अभियान देशभर में जोर-शोर से चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के तमाम बड़े नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक सदस्यता अभियान को कामयाब बनाने में जुटे हैं। इस बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दावा किया है कि अब तक सवा करोड़ से ज्यादा लोग भाजपा के सदस्य बन चुके हैं।

आपको बता दें कि, इस बार 10 करोड़ से ज्यादा सदस्य बनाने के लक्ष्य के साथ देशभर में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान का पहला चरण 25 सितंबर तक चलना है। पार्टी की योजना के मुताबिक, पहले चरण की समीक्षा के बाद एक से 15 अक्टूबर तक सदस्यता अभियान का दूसरा चरण चलाया जाएगा। 16 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और सक्रिय सदस्यता अभियान के बाद पार्टी में बूथ स्तर से अध्यक्ष का चुनाव शुरू होगा, जो मंडल, जिला, राज्य और फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक चलेगा।

जेपी नड्डा ने बिहार की राजधानी पटना में अनुसूचित जाति परिवार के बीच आयोजित भाजपा के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शनिवार को कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 सितंबर 2024 को दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। भाजपा 18 करोड़ कार्यकर्ताओं से मिलकर बनी पार्टी है। इस बार भाजपा के सदस्यता अभियान का लक्ष्य 10 करोड़ लोगों को पार्टी के साथ जोड़ना है। अब तक सवा करोड़ से ज्यादा लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ चुके हैं और सभी कार्यकर्ता इस अभियान को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग कर रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है कि किसी एक तस्वीर में राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और पूर्व के अध्यक्ष, एक साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हों। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि भाजपा देश की एकमात्र पार्टी है, जहां प्रधानमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक, राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक और जिला अध्यक्ष से लेकर मंडल अध्यक्ष तक, पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को 6 वर्ष बाद अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराना होता है। यह और किसी राजनीतिक पार्टी में संभव नहीं हो सकता, क्योंकि बाकी पार्टियां जाति, क्षेत्र, परिवार या विशेष समुदाय पर आधारित पार्टी हैं। केवल भाजपा ही सबकी और समूचे समाज की पार्टी है।

–आईएएनएस

एसटीपी/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More