बिहार : एग्जिट पोल ने राजद का खाता खुलने का लगाया अनुमान

पटना, 1 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के मतदान के बाद विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल ने एनडीए को बड़ी बढ़त दिखाई है, लेकिन राजद की बांछें भी खिल गयी है। इस चुनाव में राजद का खाता खुलने की उम्मीदें बढ़ गयी हैं।

विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल में एनडीए को पिछले चुनाव के मुकाबले नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि उसका दबदबा बरकरार रहेगा।

न्यूज नेशन के एग्जिट पोल में बिहार में एनडीए को 37 व महागठबंधन को तीन सीटों पर जीतता दिखाया गया है, जबकि इंडिया टीवी सीएनएक्स के सर्वे के मुताबिक बिहार में एनडीए 36 और इंडिया गठबंधन 3 सीटें जीत सकता है, एक सीट अन्य के खाते में जाने का अनुमान है।

रिपब्लिक भारत- मैट्रिज के एग्जिट पोल के मुताबिक बिहार में एनडीए को 32 से 37 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि इंडिया गठबंधन के खाते में दो से सात सीटें आ सकती हैं।

उधर, एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक बिहार में एनडीए को 29-33 सीटें मिल सकती हैं, जबकि इंडिया गठबंधन के खाते में 7-10 सीटें आ सकती हैं।

ऐसे में सामने आए एग्जिट पोल में एनडीए को भारी बढ़त दिख रही है। एग्जिट पोल में भाजपा, जदयू और अन्य सहयोगियों को पांच से आठ सीटों का नुकसान हो सकता है, जबकि इंडिया गठबंधन को इस चुनाव में लाभ होने की उम्मीद है। ऐसे में एग्जिट पोल पर विश्वास किया जाए, तो इस चुनाव में राजद का खाता खुल सकता है।

महागठबंधन में राजद 26, कांग्रेस नौ और वामपंथी दलों ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा है। राजद ने अपने कोटे से तीन सीटें मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी को दे दी थी। मुकेश सहनी की पार्टी ने गोपालगंज, झंझारपुर और मोतिहारी में अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में एनडीए ने 39 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को एक सीट मिली थी। राजद का खाता भी नहीं खुला था।

–आईएएनएस

एमएनपी/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More