बस से भिड़ी कार, तीन की मौत, एक घायल

दौसा (राजस्थान), 21 अप्रैल (आईएएनएस)। दौसा के सैंथल रोड़ पर रविवार दोपहर दो बजे एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवार लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। एक घायल को जयपुर रेफर कर दिया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

थाना सदर के एएसआई रमेश चंद्र ने बताया कि आज दोपहर करीब दो बजे एक निजी बस करौली से बारात लेकर झुंझनू जिले के मंडावा जा रही थी। वहीं कार सवार चार लोग सिर्रा ढाणी से सिकराय उपखंड के रामेड़ा भात में जा रहे थे। इस दौरान घर से निकलने के बाद कार सवार जैसे ही दौसा की ओर आने लगे। दौसा मनोहरपुर हाइवे पर स्थित सैंथल रोड़ पर कार और बस की आपने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे कार सवार कार में फंस गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलने पर दौसा कोतवाली और सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक घायल को जयपुर रेफर कर दिया। जिसकी हालत गंभीर बनी है।

हादसे की जानकारी होने पर मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार राजकुमार सैन पुत्र श्यामलाल सैन, निवासी पटवा मोहल्ला दौसा, हरनारायण मीना पुत्र रामफूल मीना, निवासी सिर्रा की ढाणी, सुखलाल मीना पुत्र गंगासहाय, सिर्रा की ढाणी और गणपत मीना पुत्र मोती लाल मीना, निवासी सिर्रा की ढाणी कार से दौसा जिले के सिकराय उपखंड में स्थित रामेड़ा गांव में भात कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

वे लोग सिर्रा ढाणी से कुछ ही दूर ही चले थे की एक निजी बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार सवार राजकुमार सैन, हरनारायण मीना और सुखलाल मीना की मौत हो गई। वहीं, गणपत लाल मीना गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का शिकार हरनारायण मीना सरकारी शिक्षक था। वह पिपल्या चैनपुरा में तैनात था।

बस में मौजूद एक बाराती ने बताया कि, वे लोग करौली से झुंझनू के मंडावा जा रहे थे। कार सवार रांग साइड से कार को लहराते हुए आ रहा था। इसके कारण हादसा हुआ।

दुर्घटनास्थल पर मौजूद सदर थाने के एएसआई रमेश चंद्र ने बताया कि प्रथमदृष्टया ऐसा लगता है कि बस के रांग साइड से आने के कारण हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

–आईएएनएस

सीबीटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More