कानूनी कार्रवाई के लिए नौ समुद्री लुटेरों को भारत लाया जा रहा है : नौसेना

नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना ने शनिवार को कहा कि अरब सागर में ईरानी मछली पकड़ने वाली नौका अल-कंबर के अपहरण के लिए जिम्मेदार नौ समुद्री लुटेरों को कानूनी कार्रवाई के लिए भारत लाया जा रहा है, जिसके क्रू में शामिल 23 पाकिस्तानी नागरिकों को बचाया गया था।

नौसेना ने कहा, “विशेषज्ञ टीमों ने सभी नौ समुद्री डाकुओं को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर किया। उन्हें 2022 के समुद्री डकैती रोधी अधिनियम के अनुसार कानूनी कार्रवाई के लिए भारत लाया जा रहा है।”

नौका को मछली पकड़ने की गतिविधियां जारी रखने के लिए मंजूरी देने से पहले 23 पाकिस्तानी नागरिकों वाले चालक दल की गहन चिकित्सा जांच की गई थी।

नौसेना ने कहा, “28 मार्च को ईरानी मछली पकड़ने वाली नौका अल-कंबर पर संभावित समुद्री डकैती की घटना की जानकारी मिलने के बाद समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए अरब सागर में तैनात दो नौसैनिक जहाजों को अपहृत मछली नौका को रोकने के लिए भेजा गया था।”

घटना के समय मछली पकड़ने वाली नौका सोकोट्रा से लगभग 90 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में था और बताया गया था कि उस पर नौ सशस्त्र समुद्री डाकू सवार थे।

नौसेना ने कहा, ”अपहृत मछली पकड़ने वाली नौका को 29 मार्च को रोक लिया गया।”

इसमें कहा गया कि नौसेना क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और किसी भी देश के नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More