विचार: जहां बोलना जरूरी था..

फर्ज कीजिये, जमीन दलाल गिरोह रांची बड़ा तालाब या कोई खास मैदान की रजिस्ट्री रातों रात करवाने का हर स्तर पर जुगाड़ पुख्ता कर ले, तो वह बिकेगा या नहीं? अगर हां, तो इसमें कौन लोग हो सकते हैं, जो हाथ डालेंगे. इसलिए कि यहां किस नेचर की जमीनें किन हैसियत और प्रभाव वाले के हाथों बिकती रही हैं, इससे सब वाकिफ हैं. सेना की जमीन बिकना एक उदाहरण भी है. 31 जुलाई को झारखंड हाईकोर्ट कोर्ट ने स्वत: संज्ञान से दर्ज एक मामले में सुनवाई करते हुए मौखिक तौर पर पूछा है कि रांची में 71 तालाब कहां गए? अदालत जल स्त्रोतों के संरक्षण और रांची के डैमों से अतिक्रमण हटाने के मामले में सुनवाई के साथ चिंता भी जाहिर कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अन्य मामले में कोर्ट ने यह भी पूछा है कि हरमू नदी के किनारे से अतिक्रमण हटाने के मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है.
नगर निगम और सरकारी मुलाज़िम इस मामले में फाइलों पर तमाम जलेबी पारते रहें, लेकिन उन्हें पता है कि तालाब कहां गए. और रांची के पुराने लोग भी जानते हैं कि तालाब कहां गए. कैसे गए. अब वे तालाब किस रूप में हैं. रांची को ये भी पता है कि किस कदर और तेजी से सुनियोजित सांठगांठ ने शहर को कंक्रीट के जाल में, यूं कहें अंधाधुंध अपार्टमेंट और ऊंचे मकानों की कतार में कस कर रख दिया. 10-12 फीट की सडकों के किनारे छह-आठ मंजिला अपार्टमेंट कैसे बने. यह करप्शन के जद में नहीं आता है क्या?
हर किसी को रांची में ठिकाना चाहिए. यही सच है ना. दो डिसमिल जमीन ही सही डैम, नदी से सटी हो या बीच में समायी, चलेगा. और पैसे वालों के लिए एक नहीं, दो नहीं, पांच-दस फ्लैट. गलियां संकीर्ण हो जाए, नालियां और नालों पर दीवारें खड़ी हो जाएं, धूप, हवा-पानी रूक जाए कोई फर्क नहीं अलबत्ता.. रांची शहर के अंदर और आसपास की उन पुरानी बस्तियों के साथ टोले, मोहल्ले का हाल देखिए, शहरीकरण की होड़ ने कैसे सब कुछ तहस- नहस कर दिया है. अब अगर कुछ है तो नये-नये नाम से फलाना नगर, फलाना विहार और फलाना पुरी..
अब आते हैं मूल सवाल पर
दो दिनों की भारी बारिश रांची के कई इलाके में खतरनाक तस्वीर लेकर सामने आई. सुर्खियां बनी. एनडीआरएफ की टीम को उतारना पड़ा. चार-पांच तल्ले अपार्टमेंट और घरों के सामने की सड़कों पर तीन-चार फीट बहता पानी. डरे- सहमे लोग. मुमकिन है कल-परसों मौसम सुधरेगा और थोड़ी सूरत भी बदलेगी. यानी वॉटर लॉगिंग कम होगा. लोग इस तबाही को भूल जाएंगे. लेकिन यह एक अलर्ट है. आने वाले समय में स्थिति और भयावह होने वाली है. विशेषज्ञ बताते हैं कि बारिश उफान पर हो, तो नदियां उसी दिशा में बहतीं हैं, जहां वो वजूद में थीं.
मकान के ऊपर मकान, सामने दुकान, आंगन- ओसारा, नालियां सब खत्म. वैसे भी अब रांची गर्मियों में झुलसती है पानी के लिए तड़पती है. जिस रांची में हम और आप जीते-कमाते हैं उसे देते क्या हैं अथवा उसके लिए करते क्या हैं? आपके सवाल हो सकते हैं ‘सिस्टम’ क्या कर रहा है?
‘सिस्टम’ कॉलर खड़ा कर..
“सिस्टम’ तो अपना काम कर ही रहा है, कॉलर खड़ा कर. नाला, नदी, तालाब, डैम का कैचमेंट एरिया, गैरमजरूआ, खास, सिलिंग सब जब कथित तौर पर अवैध तरीके से खरीद-फरोख्त की भेंट चढ़ जाए, प्रभावी लोगों के लिए दनादन नक्शे पास होते जाएं, म्यूटेशन पक्के होते रहें, बाइक, खटारा मारूति वैन पर घूमने वाले प्रोपर्टी होल्डर, बिल्डर और बड़े कारोबारी बन जाएं और राजनेता, नौकरशाह जनता की सेवा की बजाय निवेशक/साझेदार बन जाएं, तो एक नजर में सब माजरा समझ में आ जाता है. कई निजी अस्पताल, मॉल, रेस्तरां और मार्केट कांप्लेक्स के सामने उनके कारोबारी ने नालियों पर पार्किंग की व्यवस्था कर रखी है. उनका प्रभाव चलता है. मजाल कोई हाथ डाले.
जुमार, हरमू, स्वर्णरेखा समेत सारी नदियों का हाल देख लीजिए. डिस्टीलरी तालाब पर पार्क बना और वह कबाड़ में तब्दील हो रहा. हरमू नदी चमकाने में करोड़ों बह गए? आखिर सुंदरीकरण और अतिक्रमण के नाम पर क्या हश्र हुए पड़े हैं. शहर का बेतरतीब और बेदर्दी से विस्तार हो रहा है, पर कोई एक्सपर्ट आधारित दीर्घकालीन प्लानिंग नहीं. नालों का कोई ओर-छोर नहीं. टाइम बॉंड काम नहीं. अगर विकास योजनाओं पर करोड़ों-अरबों खर्चे हुए हैं, तो सूरत बदलनी भी चाहिए. जाहिर है ‘रांची’ बेरहमी से लूटी गई है. रांची को लेकर जनता की चुनी निकाय की सरकारों का काम भी परखा जाना चाहिए.
15 नवंबर 2000 को झारखंड अलग राज्य गठन के बाद रांची राजधानी बनी इसी तारीख को छत्तीसगढ़ भी अलग राज्य बना था. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और रांची को आमने-सामने कर एक नजर देखेंगे, तो थोड़ा रस्क हो सकता है, लेकिन शर्तिया अफसोस ज्यादा. रायपुर विकसित शहरों में शुमार है. और कभी ग्रीष्म राजधानी के नाम से देश- दुनिया में परिचित रांची भयावह मुश्किलों की दहलीज पर खड़ी है. जिसने ‘रांची’ को उसकी तासीर में देखा है, जिया है, नाज़ किया है उसके लिए यह नजारा पीड़ा पैदा करती है. ध्यान रहे, आने वाली पीढ़ियां इन सबका खामियाजा कहीं ज्यादा भुगतेगी.
कवि और साहित्यकार केदारनाथ सिंह की कुछ पंक्तियां हैं
चुप्पियाँ बढ़ती जा रही हैं
उन सारी जगहों पर
जहाँ बोलना जरूरी था
बढ़ती जा रही हैं वे
जैसे बढ़ते बाल
जैसे बढ़ते हैं नाख़ून
और आश्चर्य कि किसी को
वह गड़ती तक नहीं..
(लेखक झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार हैं)
