घर वापसी के लिए मतदान और वोटिंग के लिए लोगों को जागरूक कर रही हूं : कश्मीरी पंडित पोला रैना

उधमपुर, 18 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान शुरू हो गया है। वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। उधमपुर में सुबह से ही कश्मीरी प्रवासियों ने कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान करना शुरू कर दिया है। मतदाताओं का कहना है कि इस बार उन्हें ऐसी सरकार चाहिए जो उनकी घर वापसी का इंतजाम करे।

विस्थापित कश्मीरी पंडित पोला रैना ने आईएएनएस से कहा, “मैं 1990 से उधमपुर के सरंतलाव में रह रही हूं। हमारा मुद्दा अपने घर वापस जाना है। सरकार ने पहले भी हमारे लिए बहुत कुछ किया है। अब भी हमें उम्मीद है कि वह हमें वापस ले जाएगी, हमें हमारे स्थान पर बसाएगी। सभी कश्मीरी पंडित मतदान कर रहे हैं। हम पिछले 10 दिन से घर-घर जाकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक कर रहे हैं। हम उन्हें यह नहीं बताते कि उन्हें किसे वोट देना है। हमने उनसे कहा कि वे जिसे वोट देना चाहते हैं, उसे दें, लेकिन अपना वोट बर्बाद न करें।”

उन्होंने कहा हमें आने वाली सरकार से यही उम्मीद है कि हमें घर वापस भेजा जाएगा। इसलिए हम मतदान कर रहे हैं। हम 1990 से मतदान कर रहे हैं। आज मैं देख रहा हूं कि उधमपुर में अब तक अच्छा मतदान हुआ है। साल 2014 के बाद से हमारे लिए कोई राहत नहीं बढ़ाई गई है। अब हमें उम्मीद है कि हमारे लिए राहत बढ़ाई जाएगी।”

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदाताओं से घरों से निकलकर बड़ी संख्या में मतदान की अपील की है। केंद्र शासित प्रदेश में 90 विधानसभा सीटों पर तीन चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण के तहत 24 सीटों पर मतदान आज जारी है।

पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के शुरू होने के साथ, मैं आज मतदान करने वाले सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के पर्व को मजबूत करने का आग्रह करता हूं। मैं विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह करता हूं।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट कर लोगों से मतदान करने की अपील की।

–आईएएनएस

आरके/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More