चंपई सोरेन जो भी फैसला लेंगे, वह राज्य के हित में होगा : सरयू राय

जमशेदपुर, 18 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों से राजनीति गरमा गई है। इस बीच जमशेदपुर पूर्वी सीट से निर्दलीय विधायक सरयू राय ने कहा कि चंपई सोरेन जो भी फैसला लेंगे, वह राज्य के हित में होगा।

उन्होंने कहा कि अगर धुआं उठता है तो आग लगी ही होगी। चंपई सोरेन अनुभवी और समझदार नेता हैं। चंपई सोरेन जो भी फैसला लेंगे, वह झारखंड के हित में होगा। वह कोई भी फैसला सोच-समझकर ही लेंगे। चंपई सोरेन बहुत सीनियर नेता हैं। उनके किसी निर्णय पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

चंपई सोरेन को 15 विधायकों के समर्थन पर उन्होंने कहा, “इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। हम मीडिया और अखबारों की खबरों को ही मान रहे हैं। हालांकि, जब 15 विधायक चले जाएंगे तो संभव है कि चंपई सोरेन मुख्यमंत्री बन जाएं। शिबू सोरेन भी झारखंड के बड़े नेता रहे हैं। हेमंत सोरेन भी कोई बुरे नेता नहीं हैं। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा को पाला-पोसा है और आगे बढ़ाया है। मेरे लिए किसी पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।”

बता दें कि भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच चंपई सोरेन रविवार दोपहर अपने निजी स्टाफ के साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवालों का जबाव देते हुए उन्होंने कहा कि ‘हम अभी जहां हैं, वहीं हैं।’ दिल्ली आने का कारण पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह अपने निजी काम से आए हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरी बेटी यहां रहती है, मैं उससे मिलने आया हूं।’

–आईएएनएस

आरके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More