उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी और पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा ने किया नामांकन

नई दिल्‍ली, 1 मई (आईएएनएस)। दिल्ली में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो लोकसभा उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने वालों में उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी और पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा शामिल रहे। मनोज तिवारी उत्तर पूर्वी दिल्ली से दो बार सांसद चुने जा चुके हैं।

नामांकन से पहले मनोज तिवारी और हर्ष मल्होत्रा ने अपने-अपने क्षेत्रों में रोड शो निकाला। रोड शो में मनोज तिवारी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और हर्ष मल्होत्रा के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी चाहते थे कि आजादी के बाद कांग्रेस को भंग कर दिया जाए। कांग्रेस ने महात्मा गांधी की बात नहीं मानी। उन्हें विश्वास है कि अब जनता महात्मा गांधी की मंशा को पूरा करेगी।

नामांकन से पहले मनोज तिवारी ने पुरानी दिल्ली स्थित यमुना बाज़ार के मरघट वाले हनुमान मंदिर में दर्शन किए। नामांकन के लिए जाते हुए मनोज तिवारी के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं का बड़ा हुजूम उमड़ा। भाजपा नेताओं के मुताबिक करीब 20,000 लोग अलग-अलग स्थान पर रोड शो का हिस्सा बने। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार मनोज तिवारी के रोड शो में शामिल रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ताकतवर हुआ है। हमारा देश पीएम मोदी के नेतृत्व में नई सोच के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। अब पूरी दुनिया देख रही है कि भारत पहले वाला भारत नहीं रहा है बल्कि भारत अब दुनिया का एक शक्तिशाली राष्ट्र बनकर उभरा है।

रोड शो में शामिल लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह जनसमूह पूरी तरह स्पष्ट करता है कि यहां उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से मनोज तिवारी को प्रबल जनसमर्थन प्राप्त है।

उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि आपने मनोज तिवारी को बोलते हुए देखा है, वो संसद में आपकी आवाज उठाते हैं। इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर भाजपा अपनी जीत दर्ज करेगी। उनके मुताबिक इंडी गठबंधन दिल्ली समेत पूरे देश में कहीं नहीं दिख रहा है।

भाजपा के दूसरे प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन भरा। नामांकन से पहले रोड शो में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनके साथ रहें।

गौरतलब है कि पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में बड़ी संख्या में उत्तराखंड से जुड़े लोग रहते हैं। यहां रोड शो के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूर्वी दिल्ली से बीजेपी के उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा ने सामान्य जनता के साथ मिलकर लोगों की समस्याएं सुलझाने के लिए काम किया है। यही कारण है कि आज स्थानीय लोग हर्ष मल्होत्रा को सांसद और नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने के लिए सड़कों पर हैं।

–आईएएनएस

जीसीबी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More