UPSC: दिल्ली कोचिंग हादसे के बीच केंद्र का बड़ा फैसला, प्रीति सूदन होंगी नई चेयरमैन
.jpg)
नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को प्रीति सूदन के रूप में आज अपना नया अध्यक्ष मिल गया है। वह एक अगस्त को अपना पदभार संभालेंगी। प्रीति सूदन आंध्र प्रदेश कैडर की 1983 बैच की रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। सूदन इससे पहले यूपीएससी की मेंबर रह चुकी हैं। उन्होंने इससे पहले केंद्र में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया है। जुलाई 2020 में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुई सूदन को सरकारी प्रशासन के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 37 सालों का अनुभव है। इस महीने के शुरू में डॉ. मनोज सोनी के इस्तीफे के बाद उनकी नियुक्ति है।
उन्हें प्रमुख रूप से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और आयुष्मान भारत मिशन के अलावा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल आयोग और ई-सिगरेट पर प्रतिबंध पर कानून बनाने का क्रेडिट दिया जाता है. प्रीति सूदन ने अंग्रेजी में ग्रेजुएशन किया है. इसके बाद उन्होंने एमए, एमफिल और पीएचडी ईकोनामिक्स में किया हैं.
1983 batch IAS officer Preeti Sudan will be the new UPSC Chairperson, with effect from 1st August 2024. pic.twitter.com/t6Ylfr4BOP
— ANI (@ANI) July 31, 2024
कौन हैं प्रीति सूदन
प्रीति सूदन आंध्र प्रदेश कैडर की 1983 बैच की रिटायर्ड आईएएस अफसर हैं। सूदन ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) से अर्थशास्त्र में एम.फिल. और सामाजिक नीति एवं नियोजन में एम.एससी. की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने कई राष्ट्रीय कार्यक्रमों में योगदान दिया है, जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और आयुष्मान भारत जैसे प्रमुख कार्यक्रम शुरू करना शामिल है। इन्हीं के प्रयासों से राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग का गठन और ई-सिगरेट पर बैन जैसे महत्वपूर्ण कानून बने।
इसके अलावा रक्षा मंत्रालय के सचिव के रूप में भी उन्होंने कार्य किया. खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग में भी उनकी नियुक्ति हुई. प्रीति सूदन भारत सरकार की स्वास्थ्य सचिव के पद पर भी रहीं. उनका कार्यकाल अक्टूबर 2017 से जुलाई 2020 तक रहा. उन्होंने COVID-19 महामारी के दौरान मुख्य रणनीतिकार की भूमिका निभाई.
वर्ल्ड बैंक की सलाहकार भी रहीं
इसके अलावा, सूदन ने वर्ल्ड बैंक के साथ सलाहकार के रूप में काम किया है और तम्बाकू नियंत्रण पर फ्रेमवर्क कन्वेंशन के COP-8 की अध्यक्ष और मातृ, नवजात और बाल स्वास्थ्य के लिए साझेदारी की उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य किया है। वह ग्लोबल डिजिटल हेल्थ पार्टनरशिप की अध्यक्ष और महामारी की तैयारी और प्रतिक्रिया के लिए WHO के स्वतंत्र पैनल की सदस्य भी थीं। अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति होने से पहले, सूदन 29 नवंबर, 2022 को यूपीएससी में मेंबर के रूप में काम कर रही थी।
