‘बदलाव की आंधी रुकने वाली नहीं’, यूपी में सपा के बेहतरीन प्रदर्शन पर फहीम इरफान

मुरादाबाद, 7 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब सरकार बनाने की कवायद तेज हो चुकी है। दिल्ली में शुक्रवार को एनडीए की बैठक हुई। इस दौरान पीएम मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया।

एक तरफ जहां नई सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है, वहीं दूसरी तरफ राजनीतिक बयानबाजियां भी जारी हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के विधायक फहीम इरफान ने उत्तर प्रदेश में पार्टी की जीत पर बड़ा बयान दिया है।

सपा विधायक फहीम इरफान ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने जो फैसले लिए हैं, वह प्रदेश और देश की जनता के हित में थे। सपा और इंडिया गठबंधन ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया, जिसका नतीजा यह हुआ कि हम लोगों ने कई सीटों पर बेहतर जीत दर्ज की। यह बदलाव की आंधी अब उत्तर प्रदेश में रुकने वाली नहीं है। आने वाले समय में इंसानियत, ईमानदारी, सच्चाई और मोहब्बत का राज होने वाला है। लोगों ने ऐसे फैसले लिए जो जनता और प्रदेश के हित में हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को यह महसूस हो रहा था कि उन्हें ठगा जा रहा है। इस सरकार के शासन में सभी लोग परेशान रहे हैं। व्यापारी, नौजवान, किसान सब इस सरकार से परेशान थे। लोगों के जीने का तरीका बदल गया था, इसलिए लोगों ने यह मन बना रखा था कि अब बदलाव करना है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में धर्म का कोई मुद्दा नहीं था। इस चुनाव में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा था।

उन्होंने कहा कि सरकार काम करने के लिए, विकास करने के लिए, लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए बनती है। लेकिन केंद्र और प्रदेश की सरकार ने जनता के लिए कोई ऐसा काम नहीं किया है। लोगों को महसूस हो रहा था हम लोग ठगे जा रहे हैं। इस सरकार के शासन में नौजवान से लेकर किसान तक परेशान थे, इसलिए लोगों ने मन बना लिया कि जैसे हमने इन्हें बनाया है, वैसे ही हम उन्हें उतारेंगे।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More