तानिया सचदेव बर्थडे, भारतीय शतरंज की ग्लैमर गर्ल जिनके डांसिंग स्किल्स भी लाजवाब

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। क्लासिकल डांसर, बला की खूबसूरत और चाणक्य नीति की समझ। कुदरत ने इन सभी खूबियों से तानिया सचदेव को नवाजा है, इसलिए उन्हें भारतीय शतरंज की ग्लैमर गर्ल भी कहा जाता है। मगर, ध्यान रहे देखने में जो किसी मॉडल और हीरोइन से कम नहीं लगती हैं, वो उतनी ही खतरनाक तब बन जाती हैं, जब चेस टेबल पर अपने विरोधी की हर चाल का मुंहतोड़ जवाब देती हैं।

तानिया का आज (20 अगस्त) को 38वां जन्मदिन हैं। ये शतरंज खिलाड़ी किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। ‘ब्यूटी विद ब्रेन’, एक ऐसा वाक्यांश जो सचदेव पर फबता है। भारतीय महिला शतरंज की क्वीन एक ऐसी भारतीय शतरंज खिलाड़ी हैं, जिनके पास अंतर्राष्ट्रीय मास्टर (आईएम) और महिला ग्रैंडमास्टर (डब्ल्यूजीएम) के फिडे खिताब हैं।

वो 2006 और 2007 में दो बार की भारतीय महिला शतरंज चैंपियन, 2007 में एशियाई महिला शतरंज चैंपियन हैं। 2016, 2018, और 2019 में तीन बार और वर्तमान राष्ट्रमंडल महिला शतरंज चैंपियन हैं। मौजूदा समय में वो शतरंज की बारीकियों पर बात करतीं, समझाती टीवी पर बतौर प्रेजेंटेटर-कमेंटेटर दिखती हैं तो सोशल मीडिया पर भी सक्रियता जबरदस्त है। फॉलोअर्स 1 लाख 60 हजार से ज्यादा हैं।

20 अगस्त 1986 में दिल्ली में जन्मी सचदेव को उनकी मां अंजू ने 6 साल की उम्र में इस खेल से परिचित कराया था। तानिया को एक काबिल शतरंज खिलाड़ी बनाने में उनके माता-पिता का अहम योगदान रहा। तानिया ने मात्र 8 साल की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता। उन्हें शुरुआती वर्षों में केसी.जोशी ने कोचिंग दी थी। एक बच्चे के रूप में, उन्होंने कई प्रतियोगिताएं जीतीं। उनके करियर की सफलताएं अंडर-12 भारतीय चैंपियन, 2000 में एशियाई अंडर 14 लड़कियों की चैंपियन और लड़कियों के अंडर 12 डिवीजन में 1998 विश्व युवा शतरंज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतना शामिल हैं।

2002 में, उन्होंने मारविला में एशियाई जूनियर गर्ल्स चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। 2005 में, सचदेव महिला ग्रैंडमास्टर का खिताब पाने वाली आठवीं भारतीय खिलाड़ी बनीं। उन्होंने 2006 और 2007 में भारत की राष्ट्रीय महिला प्रीमियर शतरंज चैंपियनशिप जीती। 2007 में, उन्होंने तेहरान में नौ राउंड में से 6½ अंकों के साथ महिला एशियाई शतरंज चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।

2009 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 2016 में, सचदेव ने रेक्जाविक ओपन में सर्वश्रेष्ठ महिला का पुरस्कार जीता और कलूटारा में राष्ट्रमंडल महिला चैंपियन का खिताब पर भी कब्जा जमाया। 2015 में, सचदेव ने एशियाई कॉन्टिनेंटल महिला रैपिड शतरंज चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। उनके नाम ऐसे कई और बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं। शतरंज के अलावा तानिया को डांस, रैंप वॉक, फोटोशूट का काफी शौक है। ये ग्लैमर गर्ल शतरंज और प्रेजेंटेटर-कमेंटेटर के अलावा अपनी खूबसूरत तस्वीरों को लेकर भी फैंस के बीच अक्सर चर्चा में रहती हैं।

–आईएएनएस

एएमजे/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More