छात्रों की मौत का मुद्दा संसद में उठाएंगी राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल

नई दिल्ली: राजेंद्र नगर के कोचिंग सेंटर में जलभराव के कारण तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गई। इस मामले पर दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष व आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि वह संसद में तीनों छात्रों की मौत का मुद्दा उठाएंगी।
स्वाति मालीवाल राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) गई। यहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद स्वाति ने “एक्स” से पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि मैं अभी राजेंद्र नगर की घटना में जान गंवाने वाली दोनों बेटियों के परिवार से आरएमएल अस्पताल में मिली। एक बेटी 25 साल की थी जिसके पिता उत्तर प्रदेश में किसान हैं। दूसरी बेटी भी सिर्फ 21 वर्ष की थी।
मैं अभी राजेंद्र नगर की घटना में जान गँवाने वाली दोनों बेटियों के परिवार से RML हॉस्पिटल में मिली।
एक बेटी 25 साल की थी जिसके पिता जी उत्तर प्रदेश में किसान हैं। दूसरी बेटी भी सिर्फ़ 21 वर्ष की थी।
दोनों परिवार बुरे हाल में हैं और उनकी सिर्फ़ माँग है कि दोषियों को सख़्त सज़ा… pic.twitter.com/sNvMkxYw9V
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) July 28, 2024
दोनों परिवार बुरे हाल में हैं और उनकी मांग सिर्फ एक है कि दोषियों को सख्त सजा हो जिससे किसी और के साथ ऐसा न हो। स्वाति ने अपने पोस्ट में आगे दिल्ली सरकार और नगर निगम पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बहुत दुख की बात है कि अभी भी दिल्ली सरकार के मंत्री, एमसीडी मेयर, विधायक और पार्षद, कोई भी उनसे मिलने नहीं आया है।
यह बस एसी में बैठ के ट्वीट कर रहे हैं। स्वाति ने कहा कि मंत्री और मेयर को इनके पास आके माफी मांगनी चाहिए, इन्हें बताओ इंसाफ कैसे मिलेगा। स्वाति ने मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ का मुआवज़ा देने की मांग की। कहा कि इस मुद्दे को संसद में उठाऊंगी, मेरा वादा है इन्साफ मिलने तक लड़ाई लड़ूंगी।
