मुकेश सहनी के आवास पर पहुंचे सम्राट चौधरी, पिता के निधन पर जताया शोक

दरभंगा, 26 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी शुक्रवार को पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के आवास पर पहुंचे। दरभंगा के बिरौल में स्थित सहनी के आवास पर पहुंचकर उनके पिता जीतन सहनी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, मंत्री नीतीश मिश्रा और जीवेश मिश्रा भी मौजूद रहे।

आपको बताते चलें, 15 जुलाई की मध्यरात्रि को बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या उनके दरभंगा आवास पर कर दी गई थी। अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निर्मम तरीके से मौत के घाट उतार दिया था। उसके अगले दिन मंगलवार की सुबह उनका शव दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल बाजार स्थित उनके आवास से बरामद किया गया था।

जीतन सहनी की हत्या को लेकर पुलिस ने दावा किया था कि पैसे के लेनदेन के चलते हत्या की गई है। मामले में मुख्य आरोपी काजिम अंसारी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार भी कर ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी काजिम ने मृतक सहनी से ब्याज पर ऋण लिया था। पैसे नहीं चुकाने के कारण वह गिरवी रखी जमीन को भी नहीं छुड़ा पा रहा था।

इस मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी काजिम अंसारी की निशानदेही पर ये गिरफ्तारी हुई। दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने इसकी जानकारी दी थी। रेड्डी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिनका नाम सितारे उर्फ छेदी, छोटे लहेरी, मो आजाद है। ये तीनों काजिम अंसारी के साथ घटना को अंजाम देने में शामिल थे। गिरफ्तार सितारे उर्फ छेदी ने मृतक से 20 हजार रुपए ब्याज पर लिए थे। जिसके बदले में जीतन सहनी ने उसकी मोटरसाइकिल और उसके कागज अपने पास जमा करा लिए थे।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More