समाजवादी पार्टी ने पाल रखे हैं गुंडे व अपराधी : भाजपा

लखनऊ,13 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज से नाबालिग से रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा नेता और मंत्री असीम अरुण ने इसे लेकर समाजवादी पार्टी को घेरा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कहती है कि ‘लड़के हैं गलती हो जाती है’। सपा ने अपनी पार्टी में गुंडों को पाल रखा है। नवाब सिंह यादव के खिलाफ 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी और अपराध का एक अंश है। 16 साल की बच्ची के साथ यौन शोषण का प्रयास किया गया। उसके वीडियो भी सामने आ रहे हैं।

असीम अरुण ने कहा कि ढाई साल पहले मैं कन्नौज से चुनाव लड़ रहा था और नवाब सिंह यादव अखिलेश यादव के लिए वो प्रचार कर रहा था, लेकिन अब सपा बोल रही है कि वो तो पांच साल से पार्टी में नहीं था। यह बहुत दुख की बात है। सपा को सबक सीखते हुए ऐसे तत्वों से खुद को दूर रखना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे अपराधियों और गुंडों के खिलाफ कार्रवाई की है। नवाब सिंह यादव के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी ऐसे अपराधी और गुंडे को सबक मिलना चाहिए, ताकि किसी भी बच्ची और महिला के साथ यौन शोषण का प्रयास तक नहीं हो सके।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जिला स्तर से एक चिट्ठी जारी की है, जो सिर्फ एक मजाक है। पूरा कन्नौज जानता है कि नवाब सिंह यादव कौन है। वो समाजवादी पार्टी के ब्लॉक प्रमुख रह चुका है । अखिलेश यादव के चुनाव प्रचार में नवाब सिंह यादव सपा का झंडा लेकर घूम रहा था । इस अपराधी के खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं।

असीम अरुण ने कहा कि सपा ने गुंडे पाल रखे हैं। वो यह भी कहते हैं कि लड़के हैं गलती हो जाती है। वही लड़के आज 55 साल के हो गए हैं और आज भी अपराध कर रहे हैं। ये सभी सीरियल अपराधी हैं।

बच्ची को विश्वास था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उसकी रक्षा करेंगे। सूचना मिलने पर पुलिस बच्ची के घर पहुंची और उसे आपत्त‍िजनक स्थिति में बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की और आरोपी नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार कर ल‍िया गया। जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने पीड़ित बच्ची का बयान दर्ज कराया जाएगा।

–आईएएनएस

एसएम/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More