ठाणे में तिरंगा बाइक रैली को पुलिस ने पहले रोका, लंबी बहस के बाद पुलिस ने उन्हें रैली निकालने की इजाजत दे दी

ठाणे: आजादी की 78वीं वर्षगांठ पर एसडीपीआई कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली। लेकिन, मुंब्रा में पुलिस ने उन्हें रैली निकालने से रोक दिया। इस दौरान, पुलिस अधिकारियों के साथ रैली निकाल रहे लोगों की खूब बहस हुई। हालांकि, लंबी बहस के बाद पुलिस ने उन्हें रैली निकालने की इजाजत दे दी।
बताया जा रहा है कि मुंब्रा में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) की तरफ से तिरंगा रैली निकाली गई थी। इस यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा था। वहीं, देश को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले तमाम स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीर भी थी। धीरे-धीरे यात्रा आगे बढ़ रही थी। हालांकि, आगे एक चौराहे पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान रैली निकाल रहे लोगों ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अगर आप हमें रैली नहीं निकालने देंगे तो देश में अलग संदेश जाएगा।
वहीं, पुलिस का कहना था कि हम रैली निकालने से रोक नहीं रहे, लेकिन जो रैली की वजह से ट्रैफिक जाम है, उसे तो क्लियर करवाना होगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बाइक पर छोटे बच्चे बिठा लिए गए हैं। क्या यह ठीक है। दोनों पक्षों में बहस तब और तेज हुई जब एक शख्स ने पुलिस से कहा कि कांवड़ यात्रा को जाने दिया, हमें क्यों रोक रहे हैं। क्या कांवड़ यात्रा के दौरान बाइक पर लोग नहीं बैठे थे। पुलिस का कहना था कि कांवड़ यात्रा की बात मत करो। वहीं, लोगों का कहना था कि इंसाफ करना है तो पूरा करो। आज आजादी का दिन है और हमें मत रोको।
