राजनाथ सिंह तीन दिवसीय श्रीलंका यात्रा पर कोलंबो पहुंचे, गर्मजोशी से हुआ स्वागत

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 8 से 10 सितंबर तक श्रीलंका के आधिकारिक दौरे पर मंगलवार को कोलंबो पहुंचे। बंदरानाइक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर श्रीलंका के डिप्टी डिफेंस मिनिस्टर मेजर जनरल अरुणा जयशेखर (सेवानिवृत्त) और श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने उनका स्वागत किया। श्रीलंका की ओर से रक्षा मंत्री का पारंपरिक और गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जो दोनों देशों के करीबी और लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को दर्शाता है।

उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे राजनाथ सिंह श्रीलंका के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच पारस्परिक हित वाले क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ रक्षा और समुद्री साझेदारी को बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

दौरे के दौरान राजनाथ सिंह श्रीलंका के राष्ट्रपति एवं रक्षा मंत्री अनुरा कुमारा दिसानायके, प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या और रक्षा सचिव संपथ थुयाकोंथा से मुलाकात करेंगे। वह कोलंबो में भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद करेंगे। उनके साथ रक्षा और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी श्रीलंका पहुंचे हैं।

राजनाथ सिंह की इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 5 अप्रैल 2025 की कोलंबो यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित भारत-श्रीलंका रक्षा सहयोग समझौता ज्ञापन के क्रियान्वयन की समीक्षा भी होने की उम्मीद है।

पांच वर्ष की अवधि वाले इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने और हिंद महासागर क्षेत्र में साझा सुरक्षा चिंताओं से निपटना है। समझौते में संयुक्त सैन्य अभ्यास बढ़ाने, क्षमता निर्माण, मानवीय सहायता एवं आपदा राहत सहयोग तथा दोनों देशों के नौसैनिक जहाजों के पोर्ट कॉल बढ़ाने जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा दोनों देशों के बीच रक्षा उद्योग में सहयोग की संभावनाएं तलाशने का भी प्रावधान किया गया है। यह समझौता पांच वर्षों के लिए वैध है। दोनों में से कोई भी पक्ष तीन महीने का नोटिस देकर इसे समाप्त कर सकता है। आपसी सहमति से समझौते को तीन वर्ष की अतिरिक्त अवधि के लिए बढ़ाया भी जा सकता है।

राजनाथ सिंह का यह दौरा भारत और श्रीलंका के बीच रक्षा तथा समुद्री सुरक्षा सहयोग को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More