राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार बनाये जाने पर रवनीत सिंह बिट्टू ने पीएम मोदी का जताया आभार

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से भाजपा का राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं और वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में रेल राज्य मंत्री हैं।

उम्मीदवार बनाए जाने पर रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के सम्मानित नेतृत्व के प्रति बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकित करके मुझ पर भरोसा जताया। मैं अपने महान राष्ट्र और पार्टी को गौरवान्वित करने के लिए अथक प्रयास करने की प्रतिज्ञा करता हूं। आपके समर्थन से, मैं हमारे संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों को बनाए रखने का प्रयास करूंगा और हमारे देश की प्रगति और समृद्धि में योगदान दूंगा।”

राजस्थान विधानसभा में भाजपा की ताकत को देखते हुए पार्टी को राज्यसभा उपचुनाव में जीत की उम्मीद है। राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं। जिनमें से भाजपा के पास 114 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास सिर्फ 66 सदस्य हैं। वहीं छह सीटें खाली हैं।

राजस्थान में कुल 10 राज्यसभा सीटें हैं। इनमें से 5 कांग्रेस के पास और 4 भाजपा के पास हैं। एक सीट फिलहाल खाली है। इस सीट के लिए चुनाव होना है। अगर भारतीय जनता पार्टी खाली सीट जीतने में कामयाब हो जाती है, तो कांग्रेस और भाजपा दोनों के पास 5-5 सीटें हो जाएंगी।

भाजपा के राज्य इकाई के नेताओं का कहना है कि रवनीत सिंह बिट्टू का नामांकन पार्टी पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा क्योंकि राजस्थान की सीमा केंद्रीय मंत्री के गृह राज्य पंजाब से लगती है।

रवनीत सिंह बिट्टू 2014 और 2019 के आम चुनावों में लुधियाना संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए थे। इससे पहले 2009 के लोकसभा चुनाव में वह आनंदपुर साहिब सीट से कांग्रेस के टिकट पर सांसद रहे हैं। तीन बार के पूर्व कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री हैं।

–आईएएनएस

एकेएस/एएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More