राहुल और गांधी परिवार को भेजा गया कर्नाटक से लूटा हुआ पैसा : बीवाई विजयेंद्र

बेंगलुरु, 19 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) भूमि आवंटन घोटाला मामले में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी। भाजपा इस मामले में सीएम सिद्दारमैया से इस्तीफे की मांग कर रही है।

कर्नाटक के भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने सीएम सिद्दारमैया और कांग्रेस से सवाल किए। उन्होंने कहा, “राज्यपाल ने सीएम के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी है। भाजपा और जेडीएस भी इस मुद्दे को लेकर सीएम सिद्दारमैया से इस्तीफे की मांग कर रही है। उन्हें राज्यपाल के फैसले के बाद खुद ही सीएम पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।”

बी.वाई. विजयेंद्र ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार लगातार पुराने मुद्दों को उठाकर भाजपा और जेडीएस पर दबाव डालकर ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर वह भाजपा की पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान किए गए कामों को लेकर केस करना चाहते हैं, तो वह बिलकुल करें। लेकिन, हम डरने वाले नहीं हैं। हमारी सिर्फ यही मांग है कि सिद्दारमैया अपने पद से इस्तीफा दें।”

उन्होंने आगे कहा, “भाजपा और जेडीएस पिछले तीन महीने से सिद्दारमैया सरकार के खिलाफ लड़ाई चल रही है। हमने सिद्दारमैया के खिलाफ जांच की मांग की, लेकिन वे विधानसभा सत्र के दौरान हमारे सवालों से भागते रहे। उन्होंने सदन में भी इस पर कोई बयान नहीं दिया।”

बी.वाई. विजयेंद्र ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा, “इस बारे में राहुल गांधी से पूछ नहीं सकते। इसकी बड़ी वजह यह है कि जो पैसा कर्नाटक से लूटा गया, उसका आधे से ज्यादा पैसा राहुल गांधी और गांधी परिवार को भेजा गया है। इसलिए राहुल गांधी और सोनिया गांधी, सिद्दारमैया का इस्तीफा नहीं मांग सकते। सिद्दारमैया को अब भगवान भी नहीं बचा सकते। उनके भ्रष्टाचार ने सबको हिलाकर रख दिया है। अब उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।”

–आईएएनएस

एफएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More