चार जून के बाद राहुल गांधी ‘कांग्रेस खोजो यात्रा’ पर रवाना होंगे : भूपेंद्र चौधरी

लखनऊ, 20 मई (आईएएनएस)। भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पांचवें चरण में भाजपा सभी 14 सीटें जीतने जा रही है। अमेठी और रायबरेली से जो संदेश जनता ने भाजपा के पक्ष में दिया है, उससे लगता है कि 4 जून के बाद राहुल बाबा देश में ‘कांग्रेस खोजो यात्रा’ पर निकलने वाले हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पांचवें चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है। इन चरणों में भाजपा जनता के आशीर्वाद से प्रदेश की सभी 53 सीटें जीत रही है। देश और प्रदेश में भाजपा के पक्ष में जो माहौल बना है, उससे यह साफ है कि मोदी जी के नेतृत्व में ही तीसरी बार जनादेश मिलने जा रहा है। जनता जनार्दन ने अब प्रदेश की सभी 80 सीटों पर कमल खिलाने का स्पष्ट मन बना लिया है। पांचों चरणों में जनता ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है। अमेठी में कांग्रेस का इको सिस्टम अब खत्म हो चुका है, वहां दोबारा कमल खिल रहा है। राहुल गांधी की वापसी का टिकट बन चुका है और वे अभी ही पराजित हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी जी सभी देशवासियों को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। जनता अपने पीएम के साथ खड़ी है। मोदी जी और जनता के बीच का जो गठबंधन है, वह अटूट और अजेय है। यही कारण है कि सपा, कांग्रेस और इंडी गठबंधन हताश और निराश है। जनविश्‍वास खो चुकी सपा और कांग्रेस हताशा और निराशा में है। उनके नेताओं के पास कोई नीति नहीं है।

चौधरी ने कहा कि इंडी अलायंस की रैलियों में गुंडों की भीड़ आ रही है, अराजकता का आलम ऐसा है कि युवराज रैलियां नहीं कर पा रहे हैं। आज चुनाव में विपक्ष को बस्ते लगाने के लिए भी कार्यकर्ता नहीं मिले हैं। जनता ने कमल का बटन दबाकर भाजपा को अपना भरपूर समर्थन दिया है। आज के चुनाव में जनता ने ईवीएम को कमल से लबालब कर दिया है। परिणाम भाजपा के पक्ष में है, हताशा और निराशा में सपा और इंडी अलायंस के नेता और समर्थक भी वोट देने के लिए नहीं निकले हैं।

–आईएएनएस

विकेटी/एकेएस/एसजीके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More