पंजाब के अस्पताल में गर्भवती महिला का टॉर्च की रोशनी में हुआ प्रसव

बनूड़ (पंजाब), 13 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर जिले के बनूड़ में सरकारी अस्पताल में एक गर्भवती महिला का अंधेरे में टॉर्च की मदद से प्रसव कराया गया। इसको लेकर लोगों में गुस्सा है और वे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बाद पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन के वाइस चेयरमैन मनिंदरजीत सिंह विक्की घनौर ने सरकारी अस्पताल का निरीक्षण किया।

मनिंदरजीत सिंह ने अस्पताल के एसएमओ से घटना के बारे में जानकारी ली। एसएमओ ने बताया कि जिस महिला को बच्चा होने वाला था, वह बाहर से आई थी और उसकी डिलीवरी ऑटो में होने वाली थी। हमने उसे तुरंत लेबर रूम में शिफ्ट किया तो बिजली चली गई। उसके बाद जनरेटर चालू किया गया तो जनरेटर भी खराब हो गई। इस दौरान सबसे पहले हमने मरीज महिला और उसके बच्चे की जान बचाई। फिलहाल वे हमारे अस्पताल में भर्ती हैं और दोनों स्वस्थ हैं।

पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन के वाइस चेयरमैन मनिंदरजीत सिंह विक्की घनौर ने बताया कि स्थानीय लोगों की ओर से फोन आने के बाद वे मंगलवार सुबह निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई सुविधा नहीं मिल रही है तो उसे तुरंत मुहैया करवाई जाएगी। अगर इस मामले में किसी ने लापरवाही बरती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार लोगों की भलाई के लिए हर कदम उठा रही है और साथ ही प्रशासन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों का पालन कर रहा है ताकि जनता को किसी तरह की मुश्किल का सामना न करना पड़े।

–आईएएनएस

आरके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More