शराब के ठेके का विरोध, ग्रामीणों ने कहा- जान चली जाए, पर नहीं खुलने देंगे ठेका

रेवाड़ी, 3 अगस्त (आईएएनएस)। बावल कस्बा के गांव पावटी में शनिवार को शराब ठेका खुलने के कारण भारी हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने पहले सड़क पर जाम लगाया और फिर बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने शराब ठेके के लिए मौके पर लाकर रखे कंटेनर को पलट दिया। इस दौरान पुलिस ग्रामीणों को समझाती रही, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। विरोध करने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। गांव पावटी की सरपंच सुनीता ने कहा कि हमारे गांव में पहले ठेका नहीं खुला। इस बार बगैर पंचायत में प्रस्ताव पास कराए या फिर पंचायत के किसी सदस्य से बगैर पूछे यहां पर ठेका पास कर दिया गया। हमारी जान चली जाए, लेकिन हम अपने गांव में शराब का ठेका नहीं खुलने देंगे।

गांव निवासी लालचंद ने बताया कि जिस जगह ठेका खुल रहा है। वहां गांव की आबादी है। महिलाएं सुबह शाम सैर करने के लिए आती हैं। शराब का ठेका खुलने से माहौल खराब होगा। हमे तो इस बात की हैरानी है कि गांव की पंचायत से बगैर पूछे कैसे ये ठेका खुल गया, इसलिए हमने शराब ठेका खुलने का विरोध किया है।

शराब ठेके को लेकर गांव पावटी में कई घंटे तक हंगामा हुआ। काफी देर तक ग्रामीणों ने महिलाओं के साथ मिलकर सड़क पर दोनों तरफ अवरोध डालकर जाम लगाया। इसके बाद महिलाएं शराब ठेके के सामने बैठ गईं। सूचना के बाद पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन ग्रामीण ठेका हटाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस की तरफ से इसकी सूचना आबकारी विभाग को दी गई। काफी देर तक जब अधिकारी नहीं पहुंचे, तो ग्रामीणों ने ठेके कंटेनर को ही पलट दिया।

–आईएएनएस

एसएचके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More