आप विधायक अमानतुल्लाह और बेटे की तलाश में दबिश दे रही नोएडा पुलिस, बढ़ाई गई टीम

नोएडा, 16 मई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह खान और उनके बेटे अनस की तलाश में नोएडा पुलिस दिल्ली में गुरुवार की सुबह से ही कई ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके लिए अब नोएडा पुलिस ने अपनी टीम भी बढ़ाई है।

पिता-पुत्र के खिलाफ नोएडा पुलिस ने एनबीडब्ल्यू भी जारी कर रखा है। माना जा रहा है कि दोनों की जल्द गिरफ्तारी भी हो सकती है। नोएडा पुलिस ने इस मामले में अब 4 और टीमें गठित की हैं। इसके साथ-साथ टेक्निकल सर्विलांस, मैनुअल सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अमानतुल्लाह खान न किसी जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बन रहे हैं, न पब्लिक मीटिंग का और न ही दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने उनसे मुलाकात की है। माना यह जा रहा है कि अमानतुल्लाह खान दिल्ली के बाहर जाकर छुपे बैठे हैं।

पुलिस सूत्रों की मानें तो उनकी आखिरी लोकेशन कुछ दिन पहले लुटियन जोन के आसपास दिखाई दी थी। उसके बाद उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है। आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान और उनके बेटे की तलाश में नोएडा पुलिस की टीमें लगातार दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है।

इसके साथ-साथ नोएडा पुलिस अमानतुल्लाह और अन्य लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है। जिसके लिए नोएडा पुलिस की एक टीम मंगलवार को दिल्ली पुलिस से मिली है और उनसे विधायक अमानतुल्लाह और उनसे जुड़े लोगों के पुराने सभी एफआईआर और दस्तावेज लिए जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक यह भी पता चला है कि अमानतुल्लाह अपने साथ कोई भी फोन नहीं लेकर चल रहा है। जिसकी वजह से उसकी लोकेशन का पता लगाने में काफी दिक्कत हो रही है।

11 मई को नोएडा पुलिस ने विधायक अमानतुल्लाह के ओखला स्थित आवास पर पहुंचकर नोटिस भी चस्पा किया है। नोटिस जांच के दौरान विवेचना में शामिल होने के लिए चस्पा किया गया है। पिता-पुत्र के खिलाफ नोएडा के सेक्टर फेज 1 थाना में झगड़ा, मारपीट और धमकाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस मामले में 13 मई को नोएडा के थाना फेज 1 पुलिस ने विधायक अमानतुल्लाह के करीबी और उसके मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया था।

–आईएएनएस

पीकेटी/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More