विपक्ष की हार तय, तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ देश के पीएम बनने जा रहे हैं नरेंद्र मोदी : भाजपा

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव की मतगणना जारी है। इसी बीच शुरूआती रुझान से उत्साहित भाजपा यह दावा कर रही है कि नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं और विपक्षी दलों की हार तय है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत करते हुए यह दावा किया कि भाजपा जनता के साथ संवाद और संपर्क कर चुनाव लड़ती है। चुनाव प्रचार के 75 दिनों के दौरान देशभर में हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिस तरह से जगह-जगह पर जनता का समर्थन, आशीर्वाद , प्रेम और स्नेह मिला है, उससे भाजपा पूरी तरह से आश्वस्त है कि प्रचंड बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में अगले 100 दिनों का कार्य एजेंडा तैयार कर लिया है और अमृत काल में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने को लेकर सभी उत्साहित हैं।

एनडीए गठबंधन के ‘400 पार’ के लक्ष्य को हासिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो भी लक्ष्य दिया है, भाजपा के सभी कार्यकर्ता जी-जान से उसे पूरा करने में लग गए थे और जिस तरह से जनता का समर्थन मिला है, उससे यह पूरी तरह से नजर आ रहा है कि यह लक्ष्य हासिल करेंगे।

विपक्षी दलों के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने आईएएनएस से कहा कि विपक्षी दल पहले से ही हार की भूमिका बनाने में लग गए हैं। विपक्षी दल पहले से ही इस तरह की भूमिका बना रहे हैं कि हारने पर वे यह कह सकें कि ईवीएम के कारण उनकी हार हुई है। उनके रवैये से यह साफ-साफ नजर आ रहा है कि विपक्षी दलों की हार तय है।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More