हार की स्थिति में विपक्ष सवाल उठाता है, राहुल गांधी पार्ट टाइम पॉलिटिशियन : मनोज कुमार सिंह

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म होने के बाद अब हर किसी को चार जून का इंतजार है, जब चुनाव के परिणाम सामने होंगे। इससे पहले तमाम एजेंसियों और न्यूज चैनल्स के एग्जिट पोल में एनडीए को प्रचंड जीत मिलती हुई दिखाई दे रही है। इसी बीच पोल एजेंसी मैटराइज के निदेशक मनोज कुमार सिंह ने आईएएनएस से खास बातचीत की।

इस एक्सक्लूसिव बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि भाजपा को जितनी सीटें मिल रही हैं, इसमें मोदी जी का क्या योगदान है ? इस पर उन्होंने कहा कि घर का जो गार्जियन होता है, उसका योगदान बहुत बड़ा होता है। प्रधानमंत्री मोदी का जो योगदान है, वो बहुत बड़ा है। लोगों का मोदी जी के जो प्रेम है, वो वोट में हर साल तब्दील होता है। भाजपा के पास नरेंद्र मोदी का बड़ा चेहरा है। इसके अलावा हिमंत विस्वा सरमा और योगी आदित्यनाथ जैसे अन्य प्रमुख नेता भी हैं। इन नेताओं के कारण भाजपा का वोट प्रतिशत और सीट लगातार बढ़ रही है और अब दक्षिण भारत में भी उनकी अच्छी पकड़ दिख रही है।

एग्जिट पोल पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं, राहुल गांधी ने इसे “फैंटेसी पोल” और “गोदी मीडिया पोल” कहा है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज सिंह ने कहा कि चार तारीख को जब नतीजे आएंगे, तब स्थिति स्पष्ट होगी। हार की स्थिति में विपक्ष अक्सर ईवीएम पर सवाल उठाता है। एग्जिट पोल वर्षों से होते आ रहे हैं और कभी-कभी सही भी होते हैं। एग्जिट पोल हमारा अनुमान होता है। अगर उनकी जीत हो रही है तो उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है, हमारे एग्जिट पोल से जनता का वोट कहीं और जाकर गिरने वाला नहीं है, जो होना था वह हो गया है।

एग्जिट पोल पर अखिलेश यादव ने भी सवाल उठाए हैं, उन्होंने कहा है कि आंकड़े गलत हैं और एग्जिट पोल को आधार बनाकर भाजपाई शेयर बाजार से जाते-जाते लाभ उठाना चाहते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल दिखा देने से बाजार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। सट्टा बाजार से एग्जिट पोल का कोई लेना-देना नहीं है।

चुनाव बाद पीएम मोदी दक्षिण भारत गए, एग्जिट पोल में भी यह साफ है कि दक्षिण भारत में भाजपा की सीटें आ रही है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि जहां कांग्रेस ईवीएम पर सवाल उठा रही है, वहीं पीएम मोदी साल 2026 में तमिलनाडु में होने वाले असेंबली इलेक्शन की तैयारी में हैं। इस बार भाजपा काे आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु से सीट आती हुई दिख रही है। 2026 की तैयारी में हैं पीएम मोदी, इसलिए वह कन्याकुमारी गए।

कांग्रेस की फ्री गारंटी पर जनता के असर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह अनाउंसमेंट असर नहीं दिखा रहा है। जब तक जनता को कांग्रेस पर विश्वास नहीं होगा, वे उनकी गारंटी पर विश्वास नहीं करेंगे। कांग्रेस को अपनी चुनाव लड़ने की रणनीति बदलनी होगी और खुद चुनाव लड़ना होगा, तभी जनता का विश्वास मिलेगा। कांग्रेस इस बार खुद चुनाव नहीं लड़ी है, उसने रीजनल पार्टियों को चुनाव लड़ाया है।

क्या इस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी राहुल गांधी के नाम पर चुनाव जीतेंगे या अपने लोकल इक्वेशन के आधार पर, इस सवाल के जवाब में मनोज सिंह ने कहा कि इस बार के चुनाव में राहुल गांधी का कोई वेव नहीं था। इसके अलावा कांग्रेस के जीतने वाले उम्मीदवारों पर खड़गे या विपक्ष के सपोर्ट का भी कोई बड़ा प्रभाव पड़ता हुआ नहीं दिख रहा है, कई जगह पर ये रेस में हैं ही नहीं, कांग्रेस को अपनी रणनीति बदलनी होगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राजनीति में सीरियस नहीं हैं, वह पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करते हैं। जब तक वह सीरियस नहीं होंगे, जनता उन पर भरोसा नहीं करने वाली है।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ी, लेकिन पंजाब में अलग अलग लड़ी, इस पर उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी इस बार अच्छा करेगी, क्योंकि उनके ऊपर कांग्रेस का बैक सपोर्ट है, अलायंस वहां पर नहीं किया गया है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में कांग्रेस ने दूरी बनाकर रखी, क्योंकि उन्हें ये महसूस हो रहा था कि यदि हम कांग्रेस के साथ अलायंस कर लेंगे, तो कांग्रेस के वोटर वापस कांग्रेस के पास चले जाएंगे।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More