सीएए के तहत सिर्फ एक व्यक्ति ने नागरिकता के लिए आवेदन किया : हिमंत बिस्व सरमा

 

गुवाहाटी :  असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को विरोध कर रहे लोगों पर सोमवार को हमलावर होते हुए कहा कि राज्य में अब तक सिर्फ एक व्यक्ति ने नये कानून के तहत नागरिकता के लिए आवेदन किया है।

सरमा ने मीडियाकर्मियों से कहा, “सीएए लागू हुए कई दिन बीत चुके हैं। लेकिन आज तक असम से केवल एक व्यक्ति ने सीएए द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत नागरिकता के लिए आवेदन किया है।”

उन्होंने कहा कि कुछ लोग सीएए का विरोध कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि सीएए के नये नियमों के तहत लाखों लोग नागरिकता के लिए आवेदन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, “अब उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के बंगाली बहुल इलाकों में सीएए का जमीनी स्तर पर कोई असर नहीं है। उन्होंने कहा, “आप उदाहरण के तौर पर सोनारी विधानसभा क्षेत्र को ले सकते हैं। यहां अनेक बांग्ला भाषी लोग निवास करते हैं। लेकिन किसी ने भी नए नियमों के तहत नागरिकता के लिए आवेदन नहीं किया है।”

गौरतलब है कि पिछले महीने केंद्र सरकार द्वारा सीएए के नियमों को अधिसूचित किए जाने के तुरंत बाद ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (एएएसयू) और कई अन्य संगठनों ने राज्य में विरोध-प्रदर्शन किया था।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More