‘भाजपा ने कुछ नहीं किया, हम सब मिलकर नया हरियाणा बनाएंगे’ : सुनीता केजरीवाल

झज्जर (हरियाणा), 10 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। आम आदमी पार्टी (आप) भी हुंकार भर रही है। कथित शराब घोटाले में जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थित में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने मोर्चा संभाल लिया है।

सुनीता केजरीवाल शनिवार को हरियाणा के झज्जर पहुंचीं। यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब को बदल दिया है और अब वह हरियाणा को भी बदलेंगे।

विधानसभा चुनाव में भाजपा को एक भी वोट न देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को “अपने बेटे अरविंद केजरीवाल को भारी मतों से जिताना है”। यह बात हरियाणा के इज्जत की है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में महिला कॉलेज की बात की थी, लेकिन आज तक नहीं बनाया। किसानों को सिंचाई का पानी नहीं मिलता। शहरों में सीवर नहीं है, प्रदेश के अंदर क्या विकास हुआ है?

उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले 10 साल से भाजपा की सरकार है। उन्हें विकास से कोई लेना-देना नहीं है। टैक्स के पैसे के बदले आपको बिजली, सड़क, पानी, शिक्षा और अच्छा स्वास्थ्य मिलना चाहिए।

आप नेता ने कहा कि आप ने हरियाणा की जनता को पांच गारंटी दी है। दिल्ली और पंजाब की तरह घरेलू बिजली 24 घंटे मुफ्त होगी। हर गांव हर शहर में मोहल्ला क्लीनिक बनेंगे। सरकारी अस्पताल अच्छे होंगे, जहां अच्छा इलाज मिलेगा। सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा मिलेगी।

माताओं-बहनों को हर महीने एक हजार रुपये मिलेंगे। हर युवा को रोजगार मिलेगा। किसानों, महिलाओं, युवाओं को ढेरों खुशहाली मिलेगी। हम सब मिलकर नया हरियाणा बनाएंगे।

–आईएएनएस

एसएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More