नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे राहुल गांधी, लोको पायलट से की मुलाकात

नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। जनसंवाद की नीति के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी समाज के विभिन्न तबके के लोगों से मिलकर लगातार उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं।

राहुल गांधी उन्हें यह भरोसा दिला रहे हैं कि हम ना महज आपकी समस्याओं को सुनेंगे, बल्कि उसका निराकरण भी करेंगे और आगे भी हमारी यही कोशिश रहेगी कि आपको भविष्य में फिर कभी ऐसी स्थिति से ना जूझना पड़े।

इसी बीच, राहुल गांधी शुक्रवार को अचानक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गए। वहां उन्होंने लोको पायलट से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं।

राहुल ने उनसे ट्रेन परिचालन के संबंध में जानकारी जुटाई। लोको पायलट से मुलाकात की तस्वीरें कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर साझा की हैं। ये तस्वीरें अभी सोशल मीडिया पर खासा सुर्खियों में हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को भी राहुल गांधी ने दिल्ली के जीटीबी नगर इलाके में जाकर श्रमिकों से मुलाकात की थी। राहुल ने उनसे बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं। यही नहीं, श्रमिकों से मुलाकात के दौरान राहुल ने फावड़ा भी चलाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही।

ध्यान देने वाली बात है कि लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने इसी तरह समाज के विभिन्न तबके के लोगों के बीच एक जुड़ाव स्थापित करने का प्रयास किया था। लोकसभा चुनाव में सीटें बढ़ने के बाद से राहुल गांधी लगातार आक्रामक मुद्रा में नजर आ रहे हैं।

–आईएएनएस

एसएचके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More