भाजपा ने सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जारी किया नया पोस्टर

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह के साथ कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए।

सीएम केजरीवाल शनिवार से ही चुनाव प्रचार अभियान में भी उतरने जा रहे हैं। इस बीच भाजपा ने आम आदमी पार्टी मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एक नया पोस्टर जारी कर जमकर निशाना साधा है।

भाजपा के दिल्ली प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केजरीवाल को ‘भ्रष्टाचार का बेताज बादशाह’ बताते हुए नया पोस्टर जारी कर कहा “भ्रष्टाचारी चाहे जेल के अंदर हो या बेल पर बाहर, भ्रष्टाचारी, भ्रष्टाचारी ही होता है!”

दरअसल, भाजपा यह मान कर चल रही है कि अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद अरविंद केजरीवाल अपने स्टाइल में चुनाव प्रचार अभियान को नई दिशा देने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए भाजपा एक बार फिर से केजरीवाल और आप को भ्रष्टाचार के ही मुद्दे पर घेरने की तैयारी कर रही है।

इसके साथ ही भाजपा आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी को ‘खालिस्तानी फंडिंग’ मिलने के मुद्दे को भी जोर-शोर से उठाने की तैयारी कर रही है। भाजपा केजरीवाल और आप के खिलाफ भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाकर दिल्ली के साथ-साथ पंजाब की जनता को भी एक संदेश देना चाहती है।

–आईएएनएस

एसटीपी/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More