चुनावी रुझान में एनडीए बहुमत के पार, जानिए कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के अब तक के रुझानों में एनडीए करीब 300 सीटों पर तो इंडिया गठबंधन 230 सीटों पर आगे चल रहे हैं। देश भर में जारी मतगणना के बीच कांग्रेस के तमाम नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि देश की जनता ने भाजपा को नकार दिया है और पूर्ण बहुमत से इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। रागिनी नायक, सलमान खुर्शीद, अंशू अवस्थी से लेकर प्रमोद तिवारी तक ने इंडिया गठबंधन की जीत का दावा किया है।

रागिनी नायक ने कहा कि ऊंट अब पहाड़ के नीचे आया है। तानाशाही, अहंकार, संप्रदायिकता और धार्मिक उन्माद से प्रेरित पीएम मोदी की राजनीति 10 साल से चल रही थी। उसी के खिलाफ ये मैनडेट है। ये बात पूरी तरह से साबित हो चुकी है। पूरे चुनाव में पीएम मोदी ने मंदिर-मस्जिद, मुल्ला, माफिया, मंगलसूत्र मुजरा जैसे चीजों पर ध्यान केंद्रित करने का काम किया। वहीं, दूसरी तरफ राहुल गांधी ने चार हजार किलोमीटर तक पैदल यात्राा की, सामाजिक न्याय को मुद्दा बनाया। इसी के चलते जनता ने उन्हें स्वीकारा जिसके चलते इतना बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। यूपी की अगर हम बात करें तो भाजपा के कई नेता पीछे चल रहे हैं, चुनाव हार रहे हैं।

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज मोहब्बत कामयाब हुई है। मोहब्बत जिंदाबाद। देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

कांग्रेस नेता आलोक शर्मा ने कहा कि इंडिया गठबंधन तीन सौ के पार जा रहा है। एनडीए गठबंधन के लोग भी वापस आ रहे हैं। हमारे साथ मिलने के लिए तैयार बैठे हुए हैं। शाम तक अहंकारी और घमंडी सरकार हट जाएगी और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। एनडीए का सारा प्रेडिक्शन केवल माहौल बनाने के लिए था, जमीनी हकीकत उन्हें भी पता थी, लेकिन मीडिया के माध्यम से माहौल बनाया गया। भाजपा के कई मंत्री बुरी तरह से चुनाव हार रहे हैं। कई राउंड में पीएम मोदी खुद बनारस से पिछड़ रहे थे। दिल्ली की भी सभी सात सीटों पर हमारी जीत होगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा कि दो-तीन घंटे बाद जो रूझान सामने आएंगे वो और भी संतोषजनक होंगे, इंडिया गठबंधन सरकार बनाने जा रही है। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इनकी देश को बांटने, भय फैलाने और लोगों के जज्बातों से खेलने की जो राजनीति है, उनका अंत होने जा रहा है।

कांग्रेस नेता डॉ. सीपी राय ने कहा कि बहुत पहले से मैं कहता आया हूं कि इंडिया गठबंधन की जीत होगी और वही हो रहा है। मेरे अनुसार इंडिया गठबंधन को 270-280 सीट और एनडीए को 240 या उससे नीचे रह सकती है। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू जल्द ही इंडिया गठबंधन में शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि जनता ने अपने मुद्दों पर वोट किया है। जनता ने भाजपा और पीएम मोदी की नफरती और बांटने वाली राजनीति को नकार दिया है। कांग्रेस पार्टी ने पूरे चुनाव में जनता के मुद्दों को उठाया था। राहुल गांधी के प्रति लोगों का भरोसा है। देश के लोग राहुल गांधी को एक उम्मीद के रूप में देख रहे हैं।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि इंडिया गठबंधन 295 से लेकर 310 सीटों पर जीत दर्ज करने वाला है। भाजपा यूपी में अपना जनाधार खो चुकी है। रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होगी।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More