बिहार में एनडीए 40 सीटों पर जीत के लक्ष्य के करीब : उमेश कुशवाहा

पटना, 4 जून (आईएएनएस)। बिहार की 40 में से 30 से ज्यादा सीटों पर एनडीए बढ़त बनाए हुए है। रुझानों पर एनडीए और इंडिया गठबंधन के तमाम नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने दावा किया है कि हम 40 सीटों पर जीत दर्ज करने वाले लक्ष्य के बहुत करीब हैं। बिहार की जनता ने सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी की जोड़ी को पसंद किया है।

उमेश कुशवाहा ने कहा कि रुझानों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, सुशासन और विकास के पक्ष में लोगों ने वोट किया। अब तक सामने आए रुझान एनडीए के पक्ष में हैं। हमारी सरकार बन रही है। बिहार के वोटरों के प्रति हम आभार व्यक्त करते हैं। जनता को भ्रमित करने और बिना काम किए वोट मांगने वालों को जनता ने दरकिनार किया है। बिना काम किए क्रेडिट लेने वाले के गाल पर तमाचा पड़ा है।

उन्होंने आगे कहा कि जो लोग हमारी पार्टी के बारे में यह कहते थे कि पार्टी समाप्त हो जाएगी, आज उनसे सवाल किया जाना चाहिए। एनडीए ने दूसरे राज्यों के मुकाबले बिहार में बेहतर प्रदर्शन किया है। हमारा लक्ष्य 40 सीटों पर जीत दर्ज करने का था।

उन्होंने कहा कि रुझानों में हम अभी 34-35 सीटों पर आगे चल रहे हैं। यानी हम अपने लक्ष्य के बहुत करीब हैं। हर जगह हमारा (एनडीए का) बेहतर प्रदर्शन हुआ है। सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी की जोड़ी को जनता ने पसंद किया है।

बता दें कि बिहार में भाजपा 17 सीटों पर, जेडीयू 16 सीटों पर, चिराग पासवान की पार्टी 5 सीटों पर और जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी एक-एक सीट पर चुनाव लड़ी थी।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More