भाजपा का सिस्टम कांग्रेस की तरह नहीं, देश सेवा के लिए पार्टी से जुड़ते हैं लोग : गुलाम अली खटाना

जम्मू, 26 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा सांसद एवं दिग्गज भाजपा नेता गुलाम अली खटाना ने सोमवार को कहा कि भाजपा के साथ लोग देश के लिए लिए जुड़ते हैं।

चुनाव आयोग द्वारा जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की तारीखों के ऐलान के बाद से सभी पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने भी सोमवार को अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी, लेकिन फिर कुछ बदलाव के साथ दोबारा ल‍िस्‍ट जारी की गई। इसपर राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि, रविवार को संसदीय बोर्ड की बैठक हुई थी। जमीन से अलग-अलग स्तर से कार्यकर्ताओं के माध्यम से फीडबैक प्राप्त होती है। ऐसा नहीं था कि सारे नाम फाइनल हो गए थे, मीटिंग में बहुत सी चीजें पेंडिंग रखी गईं थीं।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़ी पार्टी है। पार्टी का हर कार्यकर्ता चुनाव लड़ना चाहता है, लेकिन चुनाव तो सिर्फ एक को ही लड़ना है। ऐसे में पार्टी रणनीति और चेहरे को ध्यान में रखकर उम्मीदवार उतारती है।

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, भाजपा का सिस्टम, कांग्रेस की तरह नहीं है। भारतीय जनता पार्टी में लोग देश की सेवा करने के लिए जुड़ते हैं।

बता दें भाजपा द्वारा जारी पहली लिस्ट के बाद पार्टी में असंतोष होने के सवाल पर खटाना ने कहा क‍ि ऐसा कुछ नहीं था। भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है।

महबूबा मुफ्ती की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के इस बयान पर कि वो कांग्रेस और फारूक अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस को समर्थन देने के लिए तैयार हैं, पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि हर राजनीतिक पार्टी को जिंदा रहने के लिए कुछ न कुछ तो बोलना पड़ता है।

बता दें कि जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की संशोधित पहली लिस्ट 26 अगस्त को जारी की। पार्टी उम्मीदवारों की संशोधित लिस्ट में भाजपा ने पहले चरण के मतदान वाले 15 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया।

भाजपा ने पाम्पोर से इंजी. सैयद शौकत गयूर अंद्राबी, राजपोरा से अर्शीद भट्ट, शोपियां से जावेद अहमद कादरी, अनंतनाग पश्चिम से मोहम्मद रफीक वानी, अनंतनाग से अधिवक्ता सैयद वजाहत, श्रीगुफवाड़ा बिजबेहरा से सोफी यूसुफ, शानगुस अनंतनाग पूर्व से वीर सराफ, इंदरवल से तारिक कीन, किश्तवाड से शगुन परिहार, पाडेर-नागसेनी से सुनील शर्मा, भदरवाह से दलीप सिंह परिहार, डोडा से गजय सिंह राणा, डोडा पश्चिम से शक्ति राज परिहार, रामबाण से राकेश ठाकुर और बनिहाल से सलीम भट्ट को चुनावी मैदान में उतारा है।

दरअसल, राज्य में पहले चरण के तहत विधानसभा की जिन 24 सीटों पर 18 सितंबर को मतदान होना है, उन सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 27 अगस्त ही है। लेकिन भाजपा ने पहले चरण के मतदान वाले 24 सीटों में से अपनी पहली लिस्ट में सिर्फ 15 सीटों पर ही उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

इससे पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में रविवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी।

गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा का चुनाव होना है। राज्य में पहले चरण के मतदान के तहत 18 सितंबर को 24 सीटों पर मतदान होना है। वहीं दूसरे चरण के तहत 25 सितंबर को 26 सीटों पर और तीसरे चरण के तहत एक अक्टूबर को 40 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। मतगणना 4 अक्टूबर को होगी।

–आईएएनएस

एससीएच/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More