रेणुकास्वामी हत्याकांड में आरोपी अभिनेता दर्शन को जेल में वीआईपी ट्रीटमेंट मिलने पर भड़की बीजेपी

बेंगलुरु, 26 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के रेणुकास्वामी हत्याकांड के आरोपी अभिनेता दर्शन थुगुदीपा की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिससे न्यायिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल में उसे वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रही है। जेल से जो तस्वीर सामने आई है उसमें आरोपी कॉफी का लुत्फ उठाते हुए नजर आ रहा है, और दूसरे हाथ में सिगरेट है।

बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जी, क्या कर्नाटक सरकार और पुलिस का यही न्याय है? कर्नाटक सरकार और पुलिस का कच्चा चिट्ठा सामने आ चुका है। आरोपी दर्शन की तस्वीर सामने आई है, जिससे लग रहा है कि वो जेल में कम और रिजॉर्ट में ज्यादा है। एक हाथ में सिगरेट तो दूसरे हाथ में कॉफी। आरोपी दर्शन जेल में अपने दोस्तों के साथ गप्पे मार रहा है, लेकिन जेल प्रशासन मूकदर्शक बनकर सब देख रहा है। यह जेल के अंदर की तस्वीरें हैं, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि कैसे कुछ लोगों को जेल के अंदर वीआईपी ट्रीटमेंट मिलता है।”

बीजेपी नेता ने आगे कहा, “यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें आरोपियों को प्रदेश सरकार के संरक्षण में इस तरह का वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा है। साफ है कि पूरे सिस्टम में ही गड़बड़ चल रही है। कर्नाटक कांग्रेस का यही सिस्टम है। जो लोग प्रभावशाली हैं, उन्हें जेल में स्पेशल ट्रीटमेंट मुहैया कराया जाता है, लेकिन जो पीड़ित हैं, उसे न्याय नहीं मिलता। ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि कर्नाटक की मौजूदा सरकार में किस तरह से भ्रष्टाचार हो रहा है।”

बता दें कि रेणुकास्वामी हत्याकांड मामले में कन्नड़ अभिनेता सहित 17 लोग न्यायिक हिरासत में हैं।

इधर, इस तस्वीर के सामने आने के बाद रेणुका के पिता ने जेल प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच के साथ ही आरोपी को जेल में वीआईपी ट्रीटमेंट देने वाले लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रेणुका के पिता ने इस संबंध में बयान जारी कर कहा, ‘ऐसी बातों से यह पता चल रहा है कि मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। तस्वीर देखकर मुझे आश्चर्य हो रहा है। वह (दर्शन) हाथ में सिगरेट लिए हुए हैं और कॉफी पी रहे हैं। हमें संदेह हो रहा है कि वह जेल में हैं भी या नहीं। जेल को जेल ही रहना चाहिए, कुछ और नहीं बनना चाहिए।”

रेणुकास्वामी के पिता ने सीएम सिद्धारमैया से गुहार लगाते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए, जिससे मेरे बेटे की आत्मा को शांति मिले। मैं अपने बेटे को खोने का दर्द जानता हूं। हम बहुत दुखी हैं, लेकिन हमें सरकार और पुलिस पर पूरा भरोसा है कि इस घटना में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ जरूर कार्रवाई होगी।

–आईएएनएस

एसएचके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More