मुंबई के वर्ली में कार ने दंपति को मारी टक्कर, महिला की मौत

मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई के वर्ली इलाके में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। रविवार को बीएमडब्ल्यू कार ने एक दंपति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला बोनट पर घसीटती चली गई।

दरअसल, वर्ली में मशहूर अटरिया मॉल के पास एक बेलगाम बीएमडब्ल्यू कार ने मछुआरे दंपति को टक्कर मार दी। दंपत्ति अपने दोपहिया वाहन से मछली पकड़कर घर लौट रहे थे। टक्कर लगने के बाद महिला कार की बोनट पर जा गिरी, इसके बाद भी कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। काफी दूर तक महिला घसीटती रही और फिर नीचे गिर गई।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में शिवसेना (शिंदे) के नेता राजेश शाह को हिरासत में लिया है। वहीं, कार चालक मिहिर की तलाश जारी है। पुलिस ने बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया है। पुलिस की मानें तो शिवसेना (शिंदे) नेता राजेश शाह का पुत्र मिहिर कार चला रहा था। उसने ही मछुआरा दंपति के दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद दंपति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके पति का इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार दंपति अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर मछली पकड़ने गए थे। मछली लेकर घर लौटने के दौरान हादसा हुआ।

प्रदेश के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मैंने पुलिस से बात की है। दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, कानून के सामने सब बराबर हैं।

वहीं, शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह दिल दहला देने वाली घटना है, आरोपी की गिरफ्तार होनी चाहिए। मैं इस घटना को कोई राजनीतिक रंग नहीं देना चाहता। यातायात नियमों का उल्लंघन तेजी से बढ़ा है, नियम तोड़ने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

बता दें कि कुछ दिन पहले भी पुणे में हिट एंड रन का एक मामला सामने आया था। पुणे में एक नाबालिग ने अपनी पोर्श कार से बाइक सवार युवक और युवती को टक्कर मार दी थी, हादसे में दोनों की मौत हो गई थी। मृतक लड़का और लड़की एक आईटी कंपनी में नौकरी करते थे।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More