दुबई में इथियोपिया के राष्ट्रपति से मिले मोहन यादव, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 का दिया न्योता

मोहन यादव इथियोपिया राष्ट्रपति मुलाकात

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त अरब अमीरात प्रवास के दौरान दुबई में इथियोपिया के राष्ट्रपति ताये अत्स्के सेलासी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं के साथ भारत-इथियोपिया आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और व्यापारिक एवं निवेश सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इथियोपिया के राष्ट्रपति को मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, अनुकूल औद्योगिक वातावरण और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भारत के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और वैश्विक निवेशकों के लिए प्रदेश में नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

डॉ. यादव ने इथियोपिया के उद्योग एवं व्यापार जगत को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि कृषि, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल्स, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा और आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री ने इथियोपिया के राष्ट्रपति को मध्य प्रदेश में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेशकों के साथ साझेदारी के जरिए मध्य प्रदेश को निवेश, उद्योग और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भारत-इथियोपिया आर्थिक साझेदारी पर जोर

मुलाकात के दौरान भारत और इथियोपिया के बीच आर्थिक संबंधों को और व्यापक बनाने के साथ मध्य प्रदेश और इथियोपिया के बीच निवेश एवं व्यावसायिक सहयोग की नई संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने तथा दोनों देशों के कारोबारी संबंधों को नई गति देने की संभावनाओं पर चर्चा की।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More