सीपी राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के 21वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

मुंबई, 31 जुलाई (आईएएनएस)। वरिष्ठ राजनेता सी.पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को यहां राजभवन में महाराष्ट्र के नये राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण किया। वह 1960 में गठन के बाद से राज्य के 21वें राज्यपाल हैं। इससे पहले वह झारखंड के राज्यपाल थे।

बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने एक भव्य समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार, तथा अन्य मंत्री और शीर्ष नागरिक तथा पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के स्थान पर नियुक्त किए गए नए राज्यपाल को भारतीय नौसेना ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

इससे पहले वह लगभग 18 महीने तक झारखंड के राज्यपाल थे। उन्होंने तेलंगाना के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था। कुछ समय के लिए उन्होंने पुडुचेरी के उपराज्यपाल के रूप में भी कार्य किया।

तमिलनाडु के तिरुपुर में 4 मई 1957 को जन्मे राधाकृष्णन व्यवसाय प्रशासन में स्नातक हैं। उनके पास अपने गृह राज्य में चार दशकों से अधिक का राजनीतिक अनुभव है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से शुरुआत करते हुए वह 1974 में भाजपा के पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य बने।

वह 1996 में तमिलनाडु भाजपा के सचिव बने और 1998 तथा 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा के लिए चुने गए।

उन्होंने 2004 में न्यूयॉर्क में संसदीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया। वह 2004-2007 तक तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष रहे।

उस समय उन्होंने विभिन्न सार्वजनिक और सामाजिक कारणों जैसे नदियों की माला परियोजना, आतंकवाद की समाप्ति, एक समान नागरिक संहिता, नशीली दवाओं की समस्या और अस्पृश्यता उन्मूलन जैसे सामाजिक मुद्दों के लिए 19 हजार किलोमीटर लंबी एक बड़ी रथ यात्रा की।

विभिन्न पार्टी और आधिकारिक पदों पर रहने के बाद राधाकृष्णन को फरवरी 2023 में झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More