लोकसभा चुनाव के नतीजों से तिलमिलाई है भाजपा, सपा कार्यकर्ताओं पर बना रही दबाव : सांसद डिंपल यादव

मैनपुरी, 17 अगस्त (आईएएनएस)। मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव शनिवार को सपा नेता अब्दुल नईम के घर पहुंची। उन्होंने पिछले दिनों अब्दुल नईम के मैरिज होम पर हुई बुलडोजर की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी।

सांसद डिंपल यादव ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के परिणाम से भाजपा तिलमिला उठी है। इसलिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है। योगी सरकार के लोग हीन भावना के साथ काम कर रहे हैं।

सरकार के लोग जनता के काम की अनदेखी कर रहे हैं। ये लोग सपा कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सपा नेता अब्दुल नईम के साथ हीन भावना के तहत बुलडोजर की कार्रवाई की गई थी।

उन्होंने कहा कि अधिकारी खुद यूपी सरकार के दबाव में आकर काम कर रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल सरकार की कार्रवाई से नहीं टूटेगा। सपा कार्यकर्ताओं पर लगातार हो रही कार्रवाई को हम रोकने का प्रयास करेंगे।

डिंपल यादव ने कहा कि 2024 लोकसभा के नतीजों के बाद से भाजपा तिलमिला उठी है। ये लोग अब तैयार रहें, क्योंकि उनके सत्ता से जाने का समय नजदीक आ गया है। उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बीते महीने सपा नेता अब्दुल नईम की पत्नी के मैरिज होम पर बुलडोजर की कार्रवाई की थी। यह मैरिज होम तालाब की जमीन पर बना था।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। इंडिया गठबंधन को 43 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, इसमें समाजवादी पार्टी के खाते 37 सीटें आई थी। भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों को 36 सीटों से संतुष्ट होना पड़ा था। वहीं, नगीना सीट से आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को जीत मिली थी।

उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इसमें मैनपुरी की करहल सीट भी शामिल है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कन्नौज से सांसद चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी। करहल समेत मिल्कीपुर, सीसामऊ, कुंदरकी, गाजियाबाद, फूलपुर, मझवां, कटेहरी, खैर और मीरापुर और कानपुर की सीसामऊ सीट पर उपचुनाव होने हैं।

–आईएएनएस

एसएम/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More