कोलकाता रेप-मर्डर मामले में ममता बनर्जी का इस्तीफा क्यों नहीं मांग रहा विपक्ष : आचार्य प्रमोद कृष्णम

गाजियाबाद, 19 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लोक सेवकों की भर्ती पर दिए बयान को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी लोकतंत्र के नाम पर भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करें, जो लूटा है, उसका हिसाब देना होगा।”

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “यूपीए-1 और यूपीए-2 में बहुत सारे ऐसे कानून बने, जिनका राहुल गांधी ने विरोध किया था। उन्होंने कई कानूनों को काला कानून बताया था। यूपीए-2 में बहुत सारी ऐसी बातें देखने को मिली थी। इस दौरान देश की संपदा को लूटा गया। उस पर उन्हें शर्म आनी चाहिए। जब प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात करते हैं तो वो बोलते हैं कि ये लोकतंत्र पर प्रहार है।”

उन्होंने ईडी और सीबीआई जांच का जिक्र करते हुए कहा, “केंद्रीय एजेंसियां जब भी किसी मामले की जांच करती है तो विपक्ष के नेता कहते हैं कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। मैं कांग्रेस और राहुल गांधी से यही कहना चाहता हूं कि वह लोकतंत्र के नाम पर भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करें। 60 से 70 साल के बीच उन्होंने सरकार में रहकर देश की संपदा को लूटने का काम किया है। उन्हें एक-एक पाई का हिसाब देना होगा।”

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कोलकाता रेप-मर्डर मामले को लेकर विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जब हाथरस का कांड हुआ तो विपक्षी नेता चिल्ला-चिल्लाकर सीएम योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांग रहे थे। लेकिन, कोलकाता मामले में सब चुप हैं। कोई भी ममता बनर्जी का इस्तीफा नहीं मांग रहा है। विपक्षी नेताओं को सिर्फ अपने वोट बैंक की फिक्र है। अयोध्या कांड पर अखिलेश यादव, राहुल गांधी, शरद पवार और उद्धव ठाकरे ने चुप्पी साध ली। अगर वह आवाज उठाएंगे तो राम मंदिर और पीएम मोदी के खिलाफ बोलेंगे। विपक्ष का स्तर गिर गया है।”

उन्होंने झारखंड की राजनीति पर भी बात की और कहा, “चंपई सोरेन एक जमीनी नेता हैं, लेकिन उनका कठपुतली की तरह इस्तेमाल किया गया। वह मुख्यमंत्री रहते हुए बहुत अच्छा काम कर रहे थे। मगर, उन्हें रातों-रात सीएम पद से हटा दिया गया। चंपई सोरेन बहुत ही सोच-समझकर फैसला लेंगे। मुझे ऐसा लगता है कि वह पीएम मोदी से काफी प्रभावित हैं।”

–आईएएनएस

एफएम/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More