केजरीवाल ने सीबीआई के दावों पर कहा, ‘मैंने मनीष सिसोदिया को कभी दोषी नहीं बताया’

नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। दिल्ली शराब घोटाला मामले में बुधवार सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल से सीबीआई ने गिरफ्तार किया, जिसके बाद उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। पति की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सुनीता केजरीवाल राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचीं। सुनीता केजरीवाल ने बीजेपी पर इस दौरान निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूरा तंत्र इस कोशिश में है कि बंदा जेल से बाहर नहीं आए।

उधर, कोर्ट में सुनवाई के दौरान सीबीआई ने एक ऐसा दावा किया, जिसके बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई। दरअसल, सीबीआई ने दावा किया कि केजरीवाल ने अपने सहयोगी मनीष सिसोदिया पर इस मामले में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, जांच एजेंसी के दावों को खोखला बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि मैंने सिसोदिया पर कोई भी आरोप नहीं लगाया है। यह सरासर झूठा दावा है।

केजरीवाल ने कहा, “मीडिया में जो चल रहा है, वो सही नहीं है। मैंने अभी तक अपने किसी भी बयान में यह नहीं कहा है कि मनीष सिसोदिया दोषी हैं, बल्कि मैंने यह कहा कि मैं निर्दोष हूं, और सिसोदिया भी निर्दोष हैं। इन लोगों का मतलब सिर्फ और सिर्फ हमें मीडिया के जरिए बदनाम करना है।“

वहीं, सीबीआई के दावों पर केजरीवाल ने कहा, “इन्होंने मंशा के बारे में पूछा था। मैंने अपने बयान में जांच एजेंसी को बताया था कि रेवेन्यू बढ़ाने के मकसद से हम यह नीति लेकर आए थे। इसके बाद इन्होंने मुझसे पूछा कि शराब नीति के निजीकरण का आइडिया किसका था? मैंने कहा मेरा नहीं था। रही बात मनीष सिसोदिया की तो मैं एक बात स्पष्ट रूप से कह देना चाहता हूं कि मैंने उन पर कोई भी आरोप नहीं लगाया। सीबीआई से जुड़े सूत्र मीडिया में बेतुकी खबरों को हवा दे रहे हैं, जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है।“

केजरीवाल ने कहा, “ये लोग मीडिया में अपने सुर्खियों को सनसनीखेज बनाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं, ताकि कह सकें कि केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया पर पूरा ठीकरा फोड़ दिया।“

वहीं सीबीआई के इन दावों पर केजरीवाल के वकील विवेक जैन ने भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “यह वास्तव में सीबीआई की दुर्भावना को दर्शाता है। सीबीआई मुझे गिरफ्तार कर महज अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है। वो ऐसा करके अपने अधिकारों का बेजा इस्तेमाल कर रही है। जांच एजेंसी गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश में जुटी हुई है।“

–आईएएनएस

एसएचके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More