कर्नाटक कांग्रेस का केंद्र के खिलाफ बेंगलुरु में खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन

बेंगलुरु, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा राज्य के साथ किए गए ‘अन्याय’ के खिलाफ कर्नाटक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बेंगलुरु में कई स्थानों पर खाली बर्तनों के साथ विरोध प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य की यात्रा से पहले किया गया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को एआईसीसी महासचिव, रणदीप सिंह सुरजेवाला और अन्य के साथ हिरासत में ले लिया। ये लोग बेंगलुरु में मेखरी सर्कल के पास प्रदर्शन कर रहे थे।

सुरजेवाला ने कहा, ”केंद्र सरकार ने कर्नाटक के साथ बहुत अन्याय किया है। सूखा राहत के लिए कर्नाटक सरकार और जनता की मांग के बदले में केंद्र ने ‘चोंबू’ (खाली बर्तन, जिसका आम बोलचाल की कन्नड़ भाषा में मतलब धोखा भी होता है) दिया।”

सुरजेवाला ने कहा,“राज्य सरकार ने ऊपरी भद्रा परियोजना के लिए केंद्र से 6,000 करोड़ रुपये की मांग की थी, जिसे बजट में घोषित किया गया था, लेकिन बाद में केंद्र सरकार ने इसे देनेे से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर कर्नाटक कर के रूप में 100 रुपये देता है, तो बदले में उसे केवल 13 रुपये मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बेंगलुरु की रिंग रोड के लिए धन देने का वादा किया था, लेकिन उसने “चोंबू” दे दिया।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता भी लोकसभा चुनाव में भाजपा को ”चोंबू” देने के लिए तैयार है।

कृषि मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने बेंगलुरु के ब्याटरायणपुरा में खाली गिलास के साथ प्रदर्शन किया।

–आईएएनएस

सीबीटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More