कर्नाटक में जब से कांग्रेस सत्ता में आई है तब से भ्रष्टाचार हो रहा है : भाजपा

हुबली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक में कथित मुडा घोटाले को लेकर सियासत जारी है। इसे लेकर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार पर हमलावर हैं। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई है, तब से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि ”इस सरकार ने भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए घरों के लिए कोई मुआवजा नहीं दिया है। जब भाजपा सत्ता में थी, तब मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने 1 लाख 70 हजार की मुआवजा राशि ध्वस्त हुए मकानों के पीड़ितों की दी थी। लेकिन मौजूदा सरकार ने सब कुछ केंद्र के भरोसे छोड़कर अपना पल्ला झाड़ लिया।

प्रह्लाद जोशी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कर्नाटक के किसी भी जिले में सड़क का निर्माण ठीक तरीके से नहीं किया गया है। लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में कुछ भी सही नहीं चल रहा है। उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर उनके इस्तीफे की भी मांग की है।

बता दें कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की इस्तीफे की मांग के खिलाफ बीजेपी और जेडीएस ने पदयात्रा निकाली। सिद्धारमैया के विरोध में यह पदयात्रा बेंगलुरु से शुरू होकर मैसूर में खत्म हुई।

दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे थे। भाजपा और जेडीएस के झंडे और तख्तियां लेकर उन्होंने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की मांग की। उनके खिलाफ कथित भूमि आवंटन घोटाले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की गई है।

दरअसल, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप है। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी पार्वती को मैसूरी विकास प्राधिकरण (मूडा) में एक घोटाले में फायदा हुआ। विपक्ष का आरोप है कि सिद्धारमैया की पत्नी को शहर के एक दूरदराज इलाके में 3.40 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के बदले वैकल्पिक भूखंड दिए गए।

–आईएएनएस

एसएम/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More