जमशेदपुर से उड़ा प्रशिक्षण विमान लापता, क्रैश होने की आशंका

जमशेदपुर, 20 अगस्त (आईएएनएस)। जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से अलकेमिस्ट एविएशन के एक प्रशिक्षण विमान के मंगलवार दोपहर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लापता होने से हड़कंप मच गया।

विमान के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। विमान में पायलट के अलावा एक ट्रेनी सवार था। एयरपोर्ट प्रबंधन ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिला प्रशासन की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

एविएशन कंपनी से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क पूरी तरह टूट गया। इसका आखिरी लोकेशन जमशेदपुर के डिमना डैम के पास दर्ज किया गया था।

हादसे की आशंका को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन को सूचना दी गई है। इस बीच खबर आ रही है कि विमान पटमदा थाना के आमदा पहाड़ी वन क्षेत्र में गिरा है। एयरपोर्ट प्रबंधन, एविएशन कंपनी और वन विभाग के अफसर मौके पर रवाना हुए हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More